Bihar Corruption News: दीपावली की छुट्टी पर निगरानी ब्यूरो का छापा, 6.5 करोड़ के बिल भुगतान के एवज में मांग रहे थे घूस,खिड़की से फेंके पैसे; 12 बैंक खाते फ्रीज

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी ब्यूरो का बड़ा एक्शन, पथ निर्माण विभाग, मधुबनी के कार्यपालक अभियंता रितेश चंद्र सिन्हा 5 लाख रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार। रेड के दौरान खिड़की से फेंके गए थे पैसे, 12 बैंक खाते फ्रीज।

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी ब्यूरो का बड़ा एक्शन- फोटो : Reporter

बिहार के निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल मधुबनी के कार्यपालक अभियंता रितेश चन्द्र सिन्हा को 5,00,000/- (पाँच लाख) रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। ब्यूरो द्वारा यह कार्रवाई पटना के रामनगरी, आशियाना स्थित उनके आवास पर की गई। 


भुगतान के एवज में की जा रही थी 19.50 लाख की मांग

यह पूरा मामला परिवादी अरुण कुमार सिंह की शिकायत पर दर्ज निगरानी थाना कांड संख्या-133/26 के तहत सामने आया। परिवादी के अनुसार, पथ निर्माण विभाग के अंतर्गत किए गए कार्यों के शेष 6.50 करोड़ रुपये के भुगतान के एवज में 3% की दर से कुल 19,50,000/- रुपये घूस की मांग की जा रही थी, जिसमें से एडवांस के रूप में 5 लाख रुपये मांगे गए थे। 


खिड़की से बाहर फेंकी गई घूस की रकम, टीम ने की बरामद

जब निगरानी टीम ने पटना स्थित आवास पर छापा मारा, तब अभियुक्त रितेश चन्द्र सिन्हा ने अपने हाथों से ली गई रिश्वत की राशि को हड़बड़ाहट में फ्लैट की खिड़की से बाहर नीचे फेंक दिया। हालांकि, सतर्क निगरानी टीम ने तत्परता दिखाते हुए उस फेंकी गई राशि को तुरंत मौके से सुरक्षित बरामद कर लिया।   


आवास की तलाशी में 6.11 लाख नकद और कई दस्तावेज बरामद

छापेमारी और तलाशी के क्रम में अभियुक्त के आवास से 6,11,900/- रुपये नकद और कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं। इसके अलावा पटना में जमीन की रजिस्ट्री के केवाला (मूल्य 9,02,000/- रुपये) के कागजात, एग्रीमेंट फॉर सेल डीड और पत्नी के नाम से कंस्ट्रक्शन कंपनी की रसीदें भी मिली हैं। 


12 बैंक खाते फ्रीज, बैंक लॉकर और बीमा पॉलिसियों की जांच

अनुसंधान के दौरान अभियुक्त के कुल 12 बैंक खातों की जानकारी मिली है, जिनमें 52,92,270/- रुपये जमा पाए जाने पर उनके संचालन को फ्रीज कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त एक बैंक लॉकर सील किया गया है तथा विभिन्न बीमा कंपनियों की 9 पॉलिसियों और जेवरात की खरीद से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।   


वैज्ञानिक जांच और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया तेज

निगरानी ने घटनास्थल से जब्त गुलाबी रंग के हाथ के धोवन प्रदर्श को विशेष अदालत के आदेश के बाद वैज्ञानिक जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेज दिया है। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जल्द ही अनुसंधान पूरा कर आरोप पत्र समर्पित करने और त्वरित विचारण के जरिए अधिकतम सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।


2026 में निगरानी ब्यूरो के ट्रैप मामलों का नया रिकॉर्ड

दीपावली के अवकाश के दिन भी सुनियोजित ढंग से की गई यह कार्रवाई इस वर्ष 2026 का 121वां ट्रैप कांड है, जिसके साथ ही ब्यूरो ने इस साल कुल 120 भ्रष्ट लोक सेवकों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष ट्रैप मामलों में लगभग 40% की वृद्धि दर्ज की गई है, जो ब्यूरो की सख्त मंशा को दर्शाता है।  

पटना से अनिल की रिपोर्ट