पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1509 पुड़िया स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, हेलमेट में छिपाकर ले जा रहा था नशा

राजधानी पटना में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजीव नगर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक शातिर नशा तस्कर को 1509 पुड़िया स्मैक (वजन 585.37 ग्राम) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है...

भारी मात्रा में स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी पटना में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजीव नगर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक शातिर नशा तस्कर को 1509 पुड़िया स्मैक (वजन 585.37 ग्राम) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए स्मैक की अंतरराष्ट्रीय/अनुमानित बाजार कीमत करीब 6 लाख 70 हजार रुपये बताई जा रही है।


पुलिस को देख भागने की कोशिश, चेकिंग में खुला राज

जानकारी के अनुसार, मंगलवार (21 जुलाई 2026) को सुबह करीब 09:30 बजे राजीव नगर थाना की पु०अ०नि० नैनतारा नेपाली नगर इलाके में पुलिस बल के साथ नियमित वाहन चेकिंग कर रही थीं। इसी दौरान एक बाइक सवार पुलिस की टीम को देखते ही गाड़ी मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया।


हेलमेट के अंदर छिपा रखी थी स्मैक की पुड़िया

जब पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली, तो उसके द्वारा पहने गए हेलमेट के अंदर से दो काले रंग की प्लास्टिक थैलियां बरामद हुईं। थैलियों को खोलने पर उनमें उजले रंग के छोटे-छोटे पैकेट (पुड़िया) मिले। गिनती करने पर एक प्लास्टिक से 576 पुड़िया और दूसरे से 933 पुड़िया, यानी कुल 1509 पुड़िया स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया। इसके अलावा तस्कर के पास से एक टचस्क्रीन मोबाइल फोन, 1559 रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल (BR01HN6876) जब्त की गई।


भोजपुर का रहने वाला है गिरफ्तार तस्कर

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी की पहचान भोजपुर (आरा) जिले के धोबहा थाना क्षेत्र स्थित बेहरा गांव निवासी सत्यनारायण यादव के 28 वर्षीय पुत्र रवि कुमार के रूप में हुई है। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास (Criminal History) का पता लगा रही है।


NDPS Act के तहत मामला दर्ज, छापेमारी दल में ये रहे शामिल

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ राजीव नगर थाना कांड संख्या-453/26 के तहत NDPS Act की धारा 8(c) और 21(c) में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस सफल छापेमारी दल में पु०अ०नि० सह थानाध्यक्ष ओमकार नाथ राय, पु०अ०नि० नैनतारा, पु०अ०नि० सुबोध कुमार चौहान, पु०अ०नि० रविशंकर गुप्ता एवं सशस्त्र बल के जवान व चालक शामिल थे।


अनिल की रिपोर्ट