पटना पुलिस और एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में हथियार व लेथ मशीन के साथ दो गिरफ्तार

पटना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम को अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने केवड़ा थाना क्षेत्र में एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया है....

पटना में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़- फोटो : अनिल कुमार

Patna : पटना पुलिस और एसटीएफ (STF) की संयुक्त टीम को अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने केवड़ा थाना क्षेत्र में एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। इस दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अर्द्धनिर्मित हथियार, बैरल, कारतूस और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली लेथ मशीन जब्त की है। मामले में दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।


वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित हुई विशेष टीम

पटना के केवड़ा थाना क्षेत्र में किसी व्यक्ति के पास अवैध हथियार होने की गुप्त सूचना मिली थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी), पटना की निगरानी में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और 01 संदिग्ध व्यक्ति को दबोच लिया।


झोले से मिला कट्टा, 12 कारतूस और 8 अर्द्धनिर्मित बैरल

पकड़े गए संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी के दौरान उसकी मोटरसाइकिल के पीछे बंधे एक उजले रंग के थैले/झोले से 01 देशी कट्टा, 12 जिंदा कारतूस और 08 लोहे के अर्द्धनिर्मित बैरल बरामद हुए। पुलिस ने मौके पर ही इस्तेमाल में लाई जा रही मोटरसाइकिल को जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार प्राथमिक अभियुक्त की पहचान ललन कुमार के रूप में हुई।


निशानदेही पर मिनी गन फैक्ट्री पर रेड, 32 बैरल और लेथ मशीन बरामद

गिरफ्तार ललन कुमार से जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम ने दूसरे अभियुक्त सिद्धनाथ शर्मा के ठिकाने पर छापेमारी की। वहां अवैध रूप से संचालित मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश हुआ। छापेमारी के दौरान मौके से 32 बैरल, भारी मात्रा में अर्द्धनिर्मित हथियार, उपकरण और हथियार निर्माण में प्रयुक्त होने वाली लेथ मशीन बरामद की गई। पुलिस ने मौके से दूसरे अभियुक्त सिद्धनाथ शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया।


कानूनी कार्रवाई में जुटी पुलिस

पटना पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों ललन कुमार और सिद्धनाथ शर्मा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास और हथियारों की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य तार खंगालने में जुटी है।


अनिल की रिपोर्ट