पटना के नदी थाना क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई : ताबडतोड छापेमारी कर दो घरों से बरामद किया देशी कट्टा, कारतूस और 5 किलो गांजा, दो गिरफ्तार
पटना की नदी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग घरों में छापेमारी कर हथियार और भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। वहीं पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.....
Patna : पटना जिले के नदी थाना क्षेत्र में अपराधियों और अवैध धंधेबाजों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। नदी थानाध्यक्ष सद्दाम हुसैन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोजीपुर स्थित कृपाल टोला में दो अलग-अलग मकानों में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया है।
पहले घर से मिला देशी कट्टा और जिंदा कारतूस
मिली जानकारी के अनुसार, नदी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मोजीपुर के कृपाल टोला स्थित एक मकान में अवैध हथियार छिपाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सद्दाम हुसैन ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया और दल-बल के साथ छापेमारी के लिए निकल पड़े। जब पुलिस टीम कृपाल टोला निवासी जितेंद्र प्रसाद (पिता- स्वर्गीय सुरेंद्र राय) के घर में दाखिल हुई और सघन तलाशी ली, तो कमरे में रखे बक्से के नीचे छिपाकर रखा गया एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
दूसरी छापेमारी में 5 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार
वहीं कृपाल टोला के ही गुड्डू कुमार (पिता- बलिन्द्र राय) के मकान में जब पुलिस टीम ने दबिश दी, तो वहां से छिपाकर रखा गया 5 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से ही आरोपी गुड्डू कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
इलाके में अपराधियों के बीच खौफ का माहौल
स्थानीय लोगों का कहना है कि थानाध्यक्ष सद्दाम हुसैन के थाना प्रभारी बनने के बाद से क्षेत्र में शराब माफियाओं, गांजा तस्करों और अपराधियों में हड़कंप व्याप्त है। जब भी पुलिस टीम गश्त या छापेमारी पर निकलती है, तो कोई न कोई बड़ी सफलता हाथ लगती है। सद्दाम हुसैन के लगातार सख्त रुख और त्वरित कार्रवाई के कारण इलाके में अवैध कारोबार करने वालों में खौफ का माहौल है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी या अवैध कारोबारी को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
रजनीश की रिपोर्ट