Bihar News : श्रावणी मेले पर रील और वीडियो बनाएं, पर्यटन विभाग देगा ₹3 लाख तक का इनाम, बिहार सरकार ने की नई पहल

Bihar News : सावन के पावन महीने में बिहार सरकार महादेव भक्तों और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स के लिए एक सुनहरा अवसर लेकर आई है। रील बनाकर आप 3 लाख रूपये का इनाम जीत सकते हैं.......पढ़िए आगे

रिल्स बनाओ इनाम पाओ - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : सावन महीने में बिहार सरकार महादेव भक्तों को और सोशल मीडिया पर रील बनाने वालों को सुनहरा अवसर प्रदान कर रही है। प्रदेश में हर साल भव्य तरीके से होने वाले श्रावणी मेला को देश-दुनिया तक पहुंचाने पर पर्यटन विभाग द्वारा तीन लाख तक जीतने का मौका दिया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सोशल मीडिया पर रील बनाने व युट्युब पर वीडियो बनाने वाले प्रतिभागियों को बिहार में हो रहे सावन मेले व भगवान शिव की पूजा पर एक कंटेंट तैयार करना होगा। ताकि बिहार की समृद्ध परंपरा को देश व दुनिया को जानने का मौका मिल सके। 

सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स इच्छुक हैं

पर्यटन विभाग द्वारा इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए कई युवा सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स भी काफी इच्छुक हैं। बातचीत के दौरान सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स ने बताया कि वे हर वर्ष सावन के महीने में बिहार के प्रमुख शिवालयों और श्रावणी मेले की गतिविधियों को अपने कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंचाते हैं। मुजफ्फरपुर स्थित गरीबनाथ मंदिर, भागलपुर के सुल्तानगंज और सोनपुर के हरिहरनाथ मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़, कांवरियों की यात्रा और भक्ति के माहौल से जुड़े वीडियो वे नियमित रूप से तैयार करते हैं।

इनाम के ऐलान से ख़ुशी  

कहा की इस बार पर्यटन विभाग की ओर से श्रावणी मेला और भगवान शिव की आराधना पर बेहतर वीडियो कंटेंट तैयार करने वाले क्रिएटर्स को पुरस्कार दिए जाने की घोषणा से उनमें खासा उत्साह है। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले वीडियो क्रिएटर को तीन लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसमें भाग लेने के लिए प्रतिभागी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कम से कम 25 हजार फॉलोअर्स होना अनिवार्य है।

क्या कहते हैं युवा

सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स सुमन कुमार ने कहा की बिहार सरकार द्वारा भव्य श्रावणी मेला पर अच्छा कंटेंट तैयार करने पर 3 लाख तक का पुरस्कार रखा गया है। इसके लिए हमारी टीम ने तैयारी शुरू कर दी है। जल्द ही हमारी टीम बांका व भागलपुर में कांवरियों के बीच उनकी यात्रा को रील व वीडियो के माध्यम से अपने दर्शकों तक पहुंचायेंगे। वहीँ इंफ्लुएंसर्स सचिन कुमार ने कहा की सोशल मीडिया पर श्रावणी मेला पर रील बनाने पर पुरस्कार जीतने का मौका मिलेगा। इसकी जानकारी मिलते ही हमारी टीम में नयी ऊर्जा का संचार शुरू हो गया है। जल्द ही हम इसपर काम शुरू कर इस प्रतियोगिता में भाग लेकर यह पुरस्कार अपने नाम करेंगे।