Bihar News : सारण में 7 साल की बच्ची से साइकिल मिस्त्री ने की छेड़खानी, परिजनों के बयान पर POCSO एक्ट में दर्ज हुई FIR, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

Bihar News : सारण जिले के एक गांव में सात वर्षीय मासूम बच्ची के साथ छेड़खानी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना को अंजाम देने के बाद से आरोपी स्थानीय साइकिल मिस्त्री मौके से फरार हो गया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : सारण में 7 साल की बच्ची से साइकिल मिस्त्री ने क
बच्ची से छेड़खानी - फोटो : SOCIAL MEDIA

CHAPRA : सारण जिले के एक गांव में एक सात वर्षीय मासूम बच्ची के साथ छेड़खानी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना को अंजाम देने के बाद से आरोपी साइकिल मिस्त्री मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

दुकान पर साइकिल ठीक कराने गई थी बच्ची:

पीड़ित बच्ची की मां ने बताया कि उनकी सात साल की बेटी अपनी साइकिल ठीक कराने के लिए गांव में ही मौजूद साइकिल मिस्त्री की दुकान पर गई थी। जब बच्ची घर लौटी तो वह काफी डरी- सहमी हुई थी। उसने परिजनों को आपबीती बताते हुए कहा कि दुकानदार ने उसके साथ गलत नियत से अभद्र व्यवहार किया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों के बीच हड़कंप मच गया और उन्होंने बिना देरी किए स्थानीय पुलिस प्रशासन को मामले की सूचना दी।

पुलिस की जांच और मेडिकल परीक्षण:

घटना की गंभीरता को देखते हुए मढ़ौरा अनुमंडल के एसडीपीओ सविंदर कुमार दास और थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण कर पीड़ित मासूम तथा उसके परिजनों के बयान दर्ज किया है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पीड़ित बच्ची को चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल जांच) के लिए अस्पताल भेज दिया है।

गांव में आक्रोश, आरोपी की तलाश जारी:

इस शर्मनाक घटना के बाद से गांव के लोगों में भारी आक्रोश और गुस्सा व्याप्त है। पीड़िता के परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोरतम सजा की मांग की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बच्ची के बयान और साक्ष्यों को आधार बनाकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को दबोचने के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट