Bihar News : राष्ट्रगीत के भाव और संदेश आसानी से समझ सकेंगे छात्र और आम लोग, सीएम सम्राट चौधरी ने मुरली मनोहर श्रीवास्तव लिखित 'वंदे मातरम्' बुकलेट का किया लोकार्पण
Bihar News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने संयुक्त रूप से लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव द्वारा संपादित ‘वंदे मातरम्’ बुकलेट का लोकार्पण किया.......पढ़िए आगे
PATNA : बिहार सरकार के शिक्षा विभाग की ओर से पटना स्थित अधिवेशन भवन में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला-सह-चिंतन शिविर का भव्य उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने किया। इस अवसर पर दोनों अतिथियों ने संयुक्त रूप से लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव द्वारा संपादित ‘वंदे मातरम्’ बुकलेट तथा शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी द्वारा लिखित ‘वंदे मातरम्’ पुस्तक का विधिवत लोकार्पण किया।
मुरली मनोहर श्रीवास्तव द्वारा संपादित ‘वंदे मातरम्’ बुकलेट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के मूल पाठ के साथ-साथ उसका सरल और विस्तृत अर्थ भी प्रकाशित किया गया है। इसके माध्यम से आम जनमानस और छात्र राष्ट्रगीत के भाव और संदेश को आसानी से समझ सकेंगे। इसके अतिरिक्त, इस विशेष बुकलेट में राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ और ‘बिहार गीत’ को भी एक साथ समाहित किया गया है, जो राष्ट्रीय गौरव के साथ प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान का अद्भुत समन्वय प्रस्तुत करता है।
लोकार्पण समारोह के दौरान अपने संबोधन में अतिथियों और वक्ताओं ने नई पीढ़ी को देश की महान संस्कृति, इतिहास और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि 'वंदे मातरम्' को अर्थ सहित प्रकाशित करने की यह पहल युवाओं और विद्यार्थियों के भीतर राष्ट्रभक्ति, देशप्रेम और राष्ट्रीय विरासत के प्रति सम्मान जगाने में मील का पत्थर साबित होगी।
शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय चिंतन शिविर में राज्य की स्कूली शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर गहन मंथन किया गया। कार्यक्रम में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षाविद और विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधि शामिल हुए।