पटना के मनेर में शोक की लहर: पूर्व MLA प्रो. सूर्यदेव त्यागी की पत्नी और पूर्व पार्षद ललन यादव का निधन

मनेर के दो प्रमुख राजनीतिक परिवारों में शोक की लहर। जदयू के पूर्व विधायक प्रो. सूर्यदेव त्यागी की पत्नी रामदुलारी देवी और पूर्व वार्ड पार्षद ललन कुमार यादव का निधन। सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव और विधायक भाई वीरेंद्र समेत कई दिग्गजों ने जताया शोक।

पूर्व MLA प्रो. सूर्यदेव त्यागी की पत्नी और पूर्व पार्षद ललन यादव का निधन- फोटो : Reporter

पटना जिले के मनेर क्षेत्र के लिए गुरुवार का दिन बेहद दुखद साबित हुआ, जहां दो अलग-अलग घटनाओं में प्रमुख राजनीतिक परिवारों के दो सदस्यों का निधन हो गया। एक ही दिन आई इन दो दुखद खबरों से पूरे राजनीतिक और सामाजिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है। क्षेत्र के लोगों में इस खबर के बाद से ही गहरा शोक का माहौल है।


जदयू के पूर्व विधायक की पत्नी और पूर्व वार्ड पार्षद का निधन

जदयू के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक प्रो. सूर्यदेव त्यागी की धर्मपत्नी रामदुलारी देवी का निधन हो गया। वहीं, दूसरी ओर नगर परिषद मनेर की पूर्व अध्यक्ष अंजू देवी के भैंसुर एवं पूर्व वार्ड पार्षद ललन कुमार यादव ने लंबी बीमारी के बाद दम तोड़ दिया। दोनों परिवारों में हुए इन निधनों से मनेर के सामाजिक और राजनीतिक जगत को बड़ी क्षति पहुंची है।


सहकारिता मंत्री और विधायक भाई वीरेंद्र समेत कई दिग्गजों ने जताया शोक

निधन की खबर मिलते ही स्थानीय नेताओं, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों का शोक संवेदना व्यक्त करने का सिलसिला शुरू हो गया। सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, मनेर विधायक भाई वीरेंद्र, विधान पार्षद शीला पंडित और पूर्व विधायक प्रो. श्रीकांत निराला समेत कई गणमान्य लोगों ने दोनों दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।


शुक्रवार को मनेर में किया जाएगा दोनों का अंतिम संस्कार

दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए मुख्य पार्षद विद्याधर विनोद, उप मुख्य पार्षद शंकर कुमार यादव, वरिष्ठ पत्रकार अमोल बजाज, बलिराम यादव और अशोक गोप समेत कई स्थानीय लोगों ने भी गहरा दुख जताया है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, दोनों दिवंगतों का अंतिम संस्कार शुक्रवार को मनेर में ही पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न कराया जाएगा।