दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी चुनाव लड़ेंगे छात्र नेता दिलीप कुमार, गांधी मैदान में बैठक कर छात्रों ने घोषित किया उम्मीदवार
जाने-माने छात्र नेता दिलीप कुमार निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी का चुनाव लड़ेंगे। दिलीप कुमार ने कहा कि यदि वे चुनाव जीतते हैं, तो छात्र-छात्राओं के मुद्दों को सड़क से सदन तक मजबूती से उठाएंगे.....
Patna : बिहार में पिछले 11 वर्षों से छात्र-युवाओं के हक की लड़ाई लड़ने वाले बिहार स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष और जाने-माने छात्र नेता दिलीप कुमार ने आगामी दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी का चुनाव निर्दलीय लड़ने की घोषणा कर दी है। गुरुवार को पटना के गांधी मैदान स्थित गांधी मूर्ति के पास छात्र-छात्राओं की एक उच्चस्तरीय बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से छात्र-युवाओं का साझा उम्मीदवार घोषित किया गया।
छात्रों के समर्थन में कई युवा नेता और छात्र प्रतिनिधि आए आगे
बैठक में स्मिता झा, बबली यादव, नेहा परवीन, श्वेता, शाहबाज आलम, दीपक, नवीन कुमार मौर्य, भूषण झा, रविरंजन गोस्वामी, भूपेश, शंकर सुमन मेहता, अमरजीत कुशवाहा, नीतीश यादव और मुकेश समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में कहा कि सदन में छात्रों की वास्तविक आवाज उठाने वाला कोई मजबूत प्रतिनिधि नहीं है, इसलिए दिलीप कुमार को सदन में होना बेहद जरूरी है।
पेपरलीक के खिलाफ संघर्ष और लाठियां खाने का किया जिक्र
छात्र नेताओं ने बताया कि दिलीप कुमार ने छात्र हित में लड़ते हुए कई बार लाठियां खाई हैं और जेल तक गए हैं, फिर भी वे कभी पीछे नहीं हटे। उन्होंने कई बड़ी परीक्षाओं के पेपरलीक को उजागर कर उन्हें रद्द कराया है तथा नई वैकेंसियों, समय पर परीक्षा व रिजल्ट के लिए पिछले एक दशक से लगातार सड़क पर आंदोलन किया है।
शिक्षकों के वेतनमान, पेंशन और प्रतियोगी परीक्षाओं के मुद्दों पर होगी लड़ाई
उम्मीदवार घोषित होने के बाद छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि यदि वे चुनाव जीतते हैं, तो छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कर्मचारियों और आम जनता के मुद्दों को सदन से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने शिक्षकों को सातवां वेतनमान व पेंशन दिलाने के साथ-साथ BSSC, दारोगा, सिपाही भर्ती और सभी प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों के हितों के लिए पुरजोर आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया।
जाति और दलगत राजनीति से ऊपर उठकर वोट देने की अपील
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी जिलों के सभी मतदाताओं से अपील की गई है कि वे जाति, धर्म और पारंपरिक पार्टियों की सीमाओं से ऊपर उठकर छात्र नेता दिलीप कुमार को समर्थन दें। मतदाताओं से उनके 11 वर्षों के संघर्ष को आधार बनाकर वोट करने की अपील की गई है।
नरोत्तम की रिपोर्ट