मंगल पांडे को भाजपा संगठन में मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी: राष्ट्रीय महासचिव बनने की चर्चा तेज
Bihar Politics : आज बिहार के सम्राट सरकार के कैबिनेट का विस्तार हुआ, जिसमें बिहार बीजेपी के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री मंगल पांडेय को जगह नही मिली है। जिसके बाद इस बात की चर्चा जोरों पर है कि उन्हें बीजेपी संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिलने जा रही है.
Patna : बिहार की राजनीति और भारतीय जनता पार्टी के सांगठनिक ढांचे में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। दरअसल आज पटना के गांधी मैदान में बिहार की सम्राट सरकार के कैबिनेट का विस्तार हुआ। जिसमें बीजेपी विधायक व बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मंगल पांडेय को जगह नहीं मिली। जिसके एक बड़ी चर्चा हो रही है। चर्चाओं के अनुसार, बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता मंगल पांडे को पार्टी के केंद्रीय संगठन में एक महत्वपूर्ण और बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। चर्चा हैं कि उन्हें भाजपा की राष्ट्रीय टीम में शामिल कर 'राष्ट्रीय महासचिव' जैसे रसूखदार पद से नवाजा जाएगा।
नितिन नवीन की टीम में मिल सकती है जगह
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में मंगल पांडे एक प्रमुख चेहरा होंगे। पार्टी के भीतर हुए नेतृत्व परिवर्तन के बाद अब केंद्रीय स्तर पर नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। माना जा रहा है कि मंगल पांडे के अनुभव और सांगठनिक क्षमता को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष की कोर टीम में जगह दी जाएगी।
मंत्रिमंडल में जगह न मिलने के पीछे का संकेत
बिहार में हाल ही में हुए मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान मंगल पांडे को जगह नहीं दी गई थी, जिससे कई तरह के सवाल उठ रहे थे। हालांकि, अब यह स्पष्ट होता दिख रहा है कि पार्टी नेतृत्व ने उनके लिए राज्य से इतर केंद्र में बड़ी योजना बना रखी है। मंत्रिमंडल से उनकी अनुपस्थिति को अब उनके राष्ट्रीय राजनीति में पदार्पण के पूर्व संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
एक महीने के भीतर होगा राष्ट्रीय टीम का एलान
सूत्रों की मानें तो अगले एक महीने के भीतर भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय टीम का विधिवत गठन कर लिया जाएगा। इस नई टीम के जरिए पार्टी आगामी लोकसभा चुनावों और विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनावों के लिए अपनी रणनीति तैयार कर रही है। मंगल पांडे का नाम इस सूची में सबसे आगे चल रहा है, जिससे बिहार भाजपा के कार्यकर्ताओं में भी उत्साह का माहौल है।
सांगठनिक अनुभव का मिलेगा लाभ
गौरतलब है कि मंगल पांडे पहले भी बिहार भाजपा के अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में चुनाव प्रभारी के तौर पर बेहतर परिणाम दे चुके हैं। उनकी राष्ट्रीय महासचिव के पद पर संभावित नियुक्ति को उनके द्वारा पूर्व में किए गए संगठनात्मक कार्यों के इनाम के तौर पर देखा जा रहा है। यदि उन्हें यह जिम्मेदारी मिलती है, तो वे राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की नीतियों और सांगठनिक विस्तार में मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे।
नरोत्तम की रिपोर्ट