पटना में दो दिवसीय मैंगो फेस्टिवल का आयोजन, 100 से अधिक दुर्लभ किस्मों के आम होंगे प्रदर्शित

महोत्सव में 100 से अधिक दुर्लभ और प्रीमियम किस्मों के आमों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। आगंतुकों को जापान का चर्चित मियाजाकी आम, अल्फांसो, जर्दालू, सिंधु सीडलैस, गुलाबखास, लंगड़ा, मालदह समेत कई विशेष प्रजातियों को शामिल किया गया है

Mango Festival in Patna- फोटो : news4nation

Bihar News : आम प्रेमियों और बागवानी से जुड़े लोगों के लिए राजधानी पटना में 13 और 14 जून 2026 को दो दिवसीय मैंगो फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। यह महोत्सव आशियाना-दीघा रोड स्थित बधाई बैंक्वेट हॉल में आयोजित होगा। आयोजन बिहार नर्सरीमेन एसोसिएशन की ओर से किया जा रहा है। महोत्सव का उद्घाटन 13 जून को सुबह 10 बजे बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा करेंगे। वहीं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अंजनी कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे।


आयोजकों के अनुसार महोत्सव में 100 से अधिक दुर्लभ और प्रीमियम किस्मों के आमों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। आगंतुकों को जापान का चर्चित मियाजाकी आम, अल्फांसो, जर्दालू, सिंधु सीडलैस, गुलाबखास, लंगड़ा, मालदह समेत कई विशेष प्रजातियों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। महोत्सव का प्रमुख आकर्षण मैंगो टेस्टिंग कार्यक्रम होगा, जहां लोग विभिन्न किस्मों के आमों का स्वाद चख सकेंगे। इसके अलावा विभिन्न नर्सरियों और किसानों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर आम के फल और पौधे भी बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे।


कार्यक्रम के दौरान कृषि वैज्ञानिक और उद्यानिकी विशेषज्ञ आम की उन्नत खेती, बागवानी, रोग एवं कीट प्रबंधन तथा पौधों की देखभाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देंगे। किसानों और बागवानों के लिए तकनीकी मार्गदर्शन केंद्र भी स्थापित किया जाएगा, जहां विशेषज्ञ खेती से संबंधित समस्याओं का समाधान बताएंगे।


महोत्सव को परिवारों और युवाओं के लिए भी आकर्षक बनाने की तैयारी की गई है। बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता और युवाओं के लिए मैंगो क्विज का आयोजन होगा। इसके साथ ही फूड स्टॉल और कृषि-उद्यानिकी प्रदर्शनी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इस आयोजन में बिहार के अलावा देश के विभिन्न राज्यों से किसान, नर्सरी संचालक, उद्यानिकी विशेषज्ञ और उद्यमी भाग लेंगे। आयोजकों ने लोगों से परिवार सहित महोत्सव में पहुंचकर इसका आनंद लेने और आम की विविध प्रजातियों के बारे में जानकारी हासिल करने की अपील की है।

अभिजीत की रिपोर्ट