दूसरी शादी रचाना युवक को पड़ा महंगा, पहली पत्नी और उसके परिजनों ने बीच सड़क पर जमकर कूटा
Bihar News : एक बच्चे के पिता ने अपनी शादीशुदा होने की बात छुपाकर दूसरी शादी करना महंगा पड़ गया। पहली पत्नी और उसके परिजनों ने उसे उसकी दूसरी पत्नी के साथ पकड़ सरेराह जमकर पिटाई की....
Patna : जिले के बाढ़ रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर पुराने टिकट काउंटर के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक पति, उसकी पहली पत्नी और दूसरी पत्नी के बीच जमकर हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया। देखते ही देखते यह पारिवारिक विवाद बीच सड़क पर मारपीट में बदल गया। पहली पत्नी के परिजनों ने दूसरी शादी रचाकर घूम रहे युवक को रंगे हाथों पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। इस पूरे हंगामे को देखने के लिए स्थानीय लोगों और यात्रियों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।
कुंवारा बताकर दो दिन पहले की थी दूसरी शादी
मिली जानकारी के अनुसार, नालंदा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र के रहने वाले सोनू नामक युवक ने करीब 14 साल पहले सकसोहरा थाना क्षेत्र के भागाबीघा गांव में पहली शादी की थी। दोनों की 12 साल की एक बेटी भी है। हालांकि, कुछ समय बाद पारिवारिक कलह से तंग आकर सोनू ने परिवार की देखभाल करना छोड़ दिया। इसके बाद उसने खुद को कुंवारा बताते हुए महज दो दिन पहले 'वट सावित्री पूजा' के दिन एनटीपीसी थाना क्षेत्र के रैली गांव की एक महिला से दूसरी शादी रचा ली, जो खुद एक दो साल के बच्चे की मां है।
ई-रिक्शा चालक ने खोली पोल
सोनू अपनी इस दूसरी पत्नी के साथ बाढ़ रेलवे स्टेशन के पास बेफिक्र होकर घूम रहा था। इसी दौरान इलाके के एक ई-रिक्शा चालक की नजर उस पर पड़ गई और उसने युवक को पहचान लिया। ई-रिक्शा चालक ने तुरंत इस बात की सूचना सोनू की पहली पत्नी के मायके वालों को दे दी। सूचना मिलते ही पहली पत्नी के परिवार वाले दर्जनों की संख्या में लाठी-डंडों के साथ स्टेशन परिसर पहुंच गए और दोनों को घेर लिया।
सरेआम कुटाई के बाद साथ ले गए परिजन
गुस्साए परिजनों ने पहले तो सोनू को बीच सड़क पर पकड़ा और फिर महिला-पुरुषों ने मिलकर उसकी सरेराह जमकर कुटाई कर दी। इसके बाद लोग उसका कॉलर पकड़कर जबरन एक ई-रिक्शा पर बिठाकर सकसोहरा थाना क्षेत्र की ओर लेकर चले गए। इस बीच, मामले की गंभीरता और माहौल को बिगड़ता देख दूसरी पत्नी समय का फायदा उठाकर मौके से चुपचाप भाग खड़ी हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि सोनू इलाके का आदतन नशेड़ी है और उसने अपनी पहली शादी की बात छिपाकर यह दूसरा विवाह किया था।
नदारद रही लोकल और रेल पुलिस
इस पूरे घटनाक्रम की सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि करीब एक घंटे तक रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील इलाके में यह हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा, लेकिन मौके पर न तो स्थानीय जीआरपी (रेल पुलिस), न आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) और न ही स्थानीय थाना की पुलिस नजर आई। पहली शादी वाले परिवार के लोग इस कदर आक्रोश में थे कि वे किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे और उनका पूरा ध्यान सिर्फ सोनू को अपने साथ ले जाने पर था।
रविशंकर की रिपोर्ट