Bihar News: हाथों में मेहंदी और पैरों में महावर लगाए विदेशी दूल्हे के साथ पटना की मिशेल ने रचाई शादी, हिंदू रीति-रिवाज से लिए सात फेरे
Bihar News: पटना से सटे बाढ़ में एक अनोखी शादी हुई। अपने पैतृक गांव में मिशेल ने अपने जीवनसाथी बैलेस्टिक के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह रचाया। हाथों में मेहंदी और पैरों में महावर लगाकर दुल्हन ने अपने विदेशी दुल्हे के साथ सात फेरे लिए।
Bihar News: राजधानी पटना से सटे बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला प्रखंड के रूपस गांव में उस समय खास माहौल देखने को मिला, जब मिशेल ने अपने जीवनसाथी बैलेस्टिक के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह रचाया। हाथों में मेहंदी और पैरों में महावर लगाए दुल्हन बनी मिशेल बेहद खुश नजर आईं, वहीं दूल्हा भी पारंपरिक रस्मों को निभाते हुए उत्साहित दिखा।
मिशेल मूल रूप से अथमलगोला प्रखंड के रूपस गांव की रहने वाली हैं। उनके पिता कई वर्ष पहले चेक गणराज्य जाकर बस गए थे। जानकारी के अनुसार, मिशेल की शादी वर्ष 2022 में चेक गणराज्य में यूरोपियन कल्चर के अनुसार संपन्न हुई थी। हालांकि, जब वे अपने पैतृक गांव भारत आईं तो परिवार और ग्रामीणों की मौजूदगी में सनातन परंपरा के तहत दोबारा वैवाहिक रस्में निभाई गईं।
रूपस गांव में आयोजित इस विवाह समारोह में पूरा गांव गवाह बना। ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर वर-वधू को आशीर्वाद दिया। पारंपरिक रीति-रिवाज, वैदिक मंत्रोच्चार और भारतीय वेशभूषा में सजी मिशेल की शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव में इस तरह का अंतरराष्ट्रीय विवाह समारोह पहली बार देखने को मिला, जिसने परंपरा और आधुनिकता के सुंदर संगम की मिसाल पेश की।
बाढ़ से रविशंकर की रिपोर्ट