Bihar News: नवादा में गेहूं की फसल में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान, मचा हड़कंप
Bihar News: नवादा में गेहूं की फसल में अचानक भीषण आग लग गई। आग में किसानों को लाखों का नुकसान हुआ। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
Bihar News: बिहार के नवादा से बड़ी खबर सामने आ रही है। नवादा के वारसलीगंज में गेहूं की फसल में भीषण आग लग गई। जानकारी अनुसार बिजली की चिंगारी से आग लगी, इस घटना में लाखों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। जानकारी अनुसार घटना वारसलीगंज प्रखंड के मौसम गांव के वार्ड नंबर 12 की है। अचानक गेहूं की खड़ी फसल में भीषण आग लग गई। जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
गेहूं की फसल में लगी आग
आग इतनी तेजी से फैली कि बड़े क्षेत्र की फसल जलकर राख हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने का संभावित कारण बिजली की चिंगारी या हाई टेंशन लाइन से निकली स्पार्क बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गर्मी के मौसम में सूखी फसल में आग तेजी से फैलती है, जिससे इसे नियंत्रित करना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
किसानों में मचा हड़कंप
इस आग से वार्ड नंबर 12 के कई किसानों की गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई। किसानों को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। अपनी महीनों की मेहनत बर्बाद होते देख किसान काफी व्यथित हैं। नवादा जिले में हाल के दिनों में हिसुआ, अकबरपुर, नारदीगंज सहित कई अन्य इलाकों में भी गेहूं की फसल में आग लगने की घटनाएं बढ़ी हैं। जिससे किसान समुदाय में चिंता का माहौल है। किसानों ने प्रशासन से तत्काल नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।
नवादा से अमन की रिपोर्ट