Bihar JailerTransfer: बेऊर जेल प्रकरण के बाद बिहार की जेलों में आधी रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 30 जेल उपाधीक्षकों का तबादला, पढ़िए लिस्ट
Bihar JailerTransfer: बिहार की जेल व्यवस्था में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्य सरकार ने एक साथ 30 जेल उपाधीक्षकों का तबादला कर दिया है। ...
Bihar JailerTransfer: बिहार की जेल व्यवस्था में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्य सरकार ने एक साथ 30 जेल उपाधीक्षकों का तबादला कर दिया है। गृह विभाग की ओर से देर रात जारी अधिसूचना के बाद संबंधित अधिकारियों को बिना किसी विलंब के अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। हाल के दिनों में बेऊर जेल में हुई कार्रवाई के बाद इस बड़े पैमाने पर हुए तबादले को कारा प्रशासन में अनुशासन और व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
गृह विभाग के अनुसार, यह तबादला प्रशासनिक आवश्यकता तथा राज्य की जेल व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुचारु बनाने के उद्देश्य से किया गया है। एक साथ 30 उपाधीक्षकों के तबादले से कारा महकमे में हलचल तेज हो गई है और इसे प्रशासनिक स्तर पर बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
जारी आदेश के मुताबिक, राजेश कुमार मिश्रा को मुंगेर मंडल कारा, रामानुज राम को मोतिहारी केंद्रीय कारा, जितेंद्र प्रसाद गुप्ता को मधेपुरा मंडल कारा, सरवर इमाम खान को शेखपुरा मंडल कारा, शिवमंगल प्रसाद को समस्तीपुर मंडल कारा, प्रेमजीत कुमार को कटिहार मंडल कारा तथा धीरज कुमार को बेतिया मंडल कारा का उपाधीक्षक बनाया गया है। इसके अलावा अधिसूचना में शामिल अन्य अधिकारियों को भी बिहार के विभिन्न केंद्रीय, मंडल और जिला कारागारों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
प्रशासनिक हलकों में इस बड़े फेरबदल को जेलों की सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक जवाबदेही और बेहतर प्रबंधन से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि नई तैनाती के बाद कारा प्रशासन में कार्यकुशलता बढ़ेगी और जेलों के संचालन को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी। फिलहाल सभी स्थानांतरित अधिकारियों को शीघ्र योगदान देने का निर्देश जारी कर दिया गया है।