Bihar Politics: लंबे इंतजार के बाद नीतीश और आरसीपी की हुई अहम मुलाकात, जदयू में होगी घर वापसी, बिहार की राजनीति में नए समीकरणों के संकेत

Bihar Politics: पटना में बिहार की राजनीति को लेकर लंबे समय से चल रही अटकलों के बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके सात सर्कुलर रोड स्थित आवास पर मुलाकात की।...

Nitish Meets RCP Singh JDU Comeback Buzz Gains Momentum
नीतीश और आरसीपी की हुई अहम मुलाकात,- फोटो : reporter

Bihar Politics:  बिहार की सियासत में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार वह तस्वीर सामने आ गई, जिसका राजनीतिक गलियारों में काफी समय से इंतजार था। पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से पटना स्थित सात सर्कुलर रोड स्थित आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद  आरसीपी सिंह की जनता दल (यूनाइटेड) में वापसी का रास्ता साफ हो गया है। सूत्रों के अनुसार नीतीश आरसीपी की अकेले में 20 मिनट से अधिक समय तक बातचीत हुई है।

एक समय जेडीयू के सबसे भरोसेमंद नेताओं में गिने जाने वाले आरसीपी सिंह और नीतीश कुमार के रिश्तों में वर्ष 2022 के बाद खटास आ गई थी। केंद्रीय मंत्री रहने के बावजूद राज्यसभा का टिकट नहीं मिलने के बाद दोनों नेताओं के बीच दूरियां बढ़ीं और आरसीपी सिंह ने जेडीयू छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच सियासी रिश्ते लगभग खत्म माने जा रहे थे।

लेकिन बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच अब तस्वीर बदलती दिखाई दे रही है। हाल के दिनों में आरसीपी सिंह कई बार सार्वजनिक मंचों से नीतीश कुमार को अपना अभिभावक बता चुके हैं। उनका कहना रहा है कि दोनों के बीच कभी व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं रही और यदि अवसर मिला तो वह फिर से मिलकर काम करना चाहेंगे।

सूत्रों के मुताबिक, जेडीयू कार्यकर्ताओं द्वारा मुख्यमंत्री तक यह संदेश पहुंचाया गया था कि आरसीपी सिंह उनसे बातचीत करना चाहते हैं। इसके बाद दोनों नेताओं की यह मुलाकात हुई, जिसने बिहार की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

 पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार  की मुलाकात के बाद सूत्रों के अनुसार आरसीपी सिंह की घर वापसी तय हो गई है। इस मुलाकात ने बिहार की सियासत में नए समीकरणों और संभावित राजनीतिक बदलावों की अटकलों को फिर से हवा दे दी है।

देवांशु प्रभात की एक्सक्लूलिव रिपोर्ट