Bihar Politics: टूट जाती पार्टी! सीएम नीतीश के करीबी मंत्री का बड़ा खुलासा, JDU में निशांत की इस कारण हुई इंट्री
Bihar Politics: बिहार की राजनीति में हलचल के बीच मंत्री अशोक चौधरी ने बड़ा बयान देते हुए निशांत कुमार को लेकर स्पष्ट किया कि पार्टी पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है और उन्हें आगे बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
Bihar Politics: बिहार की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज है। सीएम नीतीश के राज्यसभा जाने और सीएम पद से इस्तीफा देने को लेकर चर्चाएं तेज है। इसी बीच सीएम नीतीश के करीबी मंत्री अशोक चोधरी ने बड़ा खुलासा किया है। अशोक चौधरी ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि निशांत की जदयू में इंट्री क्यों हुई? साथ ही उन्होंने कहा कि हम सभी निशांत के साथ हैं।
जदयू पार्टी में हो सकती है टूट
मंत्री अशोक चौधरी ने मुख्यमंत्री के बेटे निशांत कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार पार्टी में कार्यकर्ताओं की इच्छा पर सक्रिय हुए हैं और अब वे संगठन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। चौधरी ने कहा कि हम सभी उनके पीछे खड़े होकर पूरी ताकत से काम करेंगे और उन्हें आगे बढ़ाएंगे। अशोक चौधरी ने यह भी कहा कि, पार्टी कार्यकर्ताओं की इच्छा थी कि अगर पार्टी को बांध के रखना है तो निशांत को पार्टी में लाना होगा नहीं तो यह बहुत सारे लोग नेता बनने के लिए बैठे हैं।
गृह विभाग के पत्र को लेकर बड़ा बयान
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे को लेकर सुरक्षा विभाग के पत्र में किए गए जिक्र पर मंत्री ने कहा कि इसमें कोई असामान्य बात नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कभी ऐसी स्थिति बनती है तो सुरक्षा व्यवस्था स्वाभाविक रूप से लागू होती है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनके पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और वे अनावश्यक बातें उठा रहे हैं। वहीं, तेजस्वी यादव का जिक्र करते हुए चौधरी ने कहा कि पहले भी सुरक्षा को लेकर राजनीतिक बयानबाजी होती रही है।
शराबबंदी कानून पर क्या बोले?
शराबबंदी कानून के भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने स्पष्ट जवाब देने से बचते हुए कहा कि भविष्य में क्या होगा, यह अभी कहना मुश्किल है। मुख्यमंत्री के 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्यता ग्रहण करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह स्वाभाविक प्रक्रिया है। जब कोई चुना जाता है, तो वह सदस्यता ग्रहण करता ही है।
महिला आरक्षण बिल का किया समर्थन
महिला आरक्षण बिल पर मंत्री ने इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ने का बड़ा अवसर मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि संसद और राज्यसभा में महिलाओं की भागीदारी इससे और बढ़ेगी।
पटना से रंजन की रिपोर्ट