बाढ़ के बढ़ते खतरे पर बोले मंत्री अशोक चौधरी : गंगा के जलस्तर पर सरकार की पैनी नजर, सोनिया गांधी और तेजस्वी के बयान कसा तीखा तंज

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर दिए गए विवादित बयान पर बिहार सरकार के मंत्री व जदयू नेता अशोक चौधरीन कड़ा एतराज जताते हुए पलटवार किया है। कहा कि नीतीश कुमार किसी के बदौलत नेता नहीं बने है.....

कांग्रेस-राजद पर बरसे मंत्री अशोक चौधरी- फोटो : अभिजीत

Patna : बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री अशोक चौधरी ने राज्य की वर्तमान परिस्थितियों, गंगा के बढ़ते जलस्तर तथा हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों पर अपनी बेबाक प्रतिक्रिया दी है। गंगा नदी के जलस्तर में फिर से हो रही वृद्धि पर चिंता व्यक्त करते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरी स्थिति पर अपनी पैनी नजर बनाए हुए है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जल संसाधन विभाग और संबंधित प्रशासनिक टीमें हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं और आम जनता को घबराने की जरूरत नहीं है।


सोनिया गांधी के बयान पर किया पलटवार, कांग्रेस की स्थिति पर उठाए सवाल 

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर दिए गए विवादित बयान पर कड़ा एतराज जताते हुए अशोक चौधरी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि बिहार में कांग्रेस का क्या हाल है, यह राज्य की जनता भली-भांति जानती है। कांग्रेस की स्थिति इतनी खराब है कि उससे प्रदेश में अपनी कमेटी तक गठित नहीं हो पाती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नीतीश कुमार किसी के भरोसे या बदौलत नेता नहीं बने हैं, और सोनिया गांधी जैसे बड़े कद के नेता को इस तरह की बयानबाजी से बचना चाहिए था।


2 अक्टूबर को महिलाओं के लिए किए गए कार्यों का प्रचार करेगी सरकार, SIR पर विपक्ष को घेरा 

आगामी 2 अक्टूबर को एसआईआर (SIR) के मुद्दे पर विपक्ष द्वारा आंदोलन की घोषणा पर अशोक चौधरी ने कहा कि यह बिना किसी मुद्दे के बेवजह बात का बतंगड़ बनाने की कोशिश है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 2 अक्टूबर के अवसर पर बिहार सरकार राज्य की महिलाओं के कल्याण और सशक्तीकरण के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों का जोर-शोर से प्रचार-प्रसार करेगी। सरकार की प्राथमिकता महिला विकास की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना है, न कि विपक्ष के निरर्थक बयानों में उलझना।


केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की उद्योगपतियों संग बैठक पर जताई खुशी

केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी के बिहार दौरे और आज उद्योगपतियों के साथ हुई अहम बैठक पर अशोक चौधरी ने अपार प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह बिहार के लिए अत्यंत शुभ संकेत है और राज्य में नए उद्योग-धंधे लगाने के सरकारी प्रयासों को इससे बड़ी सफलता मिलेगी। 


अनंत सिंह मामले को बताया पुराना 

वहीं, विधायक अनंत सिंह से जुड़े विरोध प्रदर्शन के सवाल पर मंत्री ने दो टूक कहा कि यह 15 दिन पुरानी खबर हो चुकी है और अब इससे आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह पार्टी का अंदरूनी विषय है और संगठन इसे अपने स्तर पर देख लेगा।


तेजस्वी यादव के बयान को बताया पार्टी बचाने की कवायद

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा एसआईआर के आधार पर चुनाव कराने की मांग पर चुटकी लेते हुए अशोक चौधरी ने कहा कि यह सिर्फ अपने कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़े रखने के लिए दिया गया एक रणनीतिक बयान है। तेजस्वी यादव को डर है कि कहीं उनके कार्यकर्ता और समर्थक उन्हें छोड़कर न भाग जाएं। अंत में उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार आपदा प्रबंधन, औद्योगिक क्रांति और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।


अभिजीत की रिपोर्ट