मंत्री अशोक चौधरी ने SIR को लेकर विपक्ष पर कसा तंज, नीट पेपर लीक को बताया गंभीर चिंता का विषय
Bihar Politics : जदयू के वरिष्ठ नेता व मंत्री अशोक चौधरी ने विपक्ष पर तीखा तंज कसा है। अशोक चौधरी ने SIR समेत अन्य मुद्दों को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा है कि विपक्ष सिर्फ हाय-तौबा न मचाए, तथ्यों के साथ डेटा दे ....
Patna : बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री अशोक चौधरी ने विभिन्न समसामयिक और राजनीतिक मुद्दों पर विपक्ष को आड़े हाथों लिया। SIR (ECI/चुनाव प्रक्रिया) के संदर्भ में विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों द्वारा चुनाव आयोग को लेकर बेवजह का हंगामा और हाय-तौबा मचाया जा रहा था। जनता के बीच जानबूझकर ऐसी भ्रामक छवि बनाने की कोशिश की गई जैसे चुनाव आयोग किसी पार्टी विशेष के इशारे पर काम कर रहा हो, जो कि पूरी तरह निराधार है। इसके साथ ही इंडी गठबंधन द्वारा आगामी चुनाव राहुल गांधी के नेतृत्व में लड़ने के एलान पर तंज कसते हुए मंत्री ने कहा कि यह अच्छी बात है, इससे एनडीए और भी बड़े बहुमत के साथ चुनाव जीतेगी।
बॉर्डर पर अवैध ढांचा ढहाने के गृह मंत्री के फैसले का पुरजोर समर्थन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा सीमावर्ती इलाकों में अवैध ढांचों को तोड़े जाने के बयान का मंत्री अशोक चौधरी ने पुरजोर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि हमारा बॉर्डर एरिया खुला होने के कारण उस पार के लोग अवैध तरीके से इधर आ जाते हैं और टेंट या घर बनाकर रहने लगते हैं। ऐसे में देश की सुरक्षा के लिहाज से गृह मंत्री जी का यह निर्णय बिल्कुल सही और स्वागत योग्य है। वहीं, मानव तस्करी के मुद्दे पर तेजस्वी यादव के बयानों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम सिर्फ हवा में बोलना नहीं है। तेजस्वी यादव को अगर जानकारी है, तो उन्हें मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी या डीजीपी को पत्र लिखकर बताना चाहिए कि किन इलाकों में ऐसी घटनाएं हो रही हैं, क्योंकि बिहार और केंद्र सरकार मानव तस्करी को लेकर बेहद गंभीर है।
नीट पेपर लीक पर जताई चिंता, पारदर्शी सिस्टम की वकालत
देशभर में चर्चित नीट (NEET) पेपर लीक मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए अशोक चौधरी ने इसे बेहद गलत और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं हमारे बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं और यह बिल्कुल नहीं होनी चाहिए। कानून के डर पर बात करते हुए उन्होंने उदाहरण दिया कि लोग जानते हैं कि हत्या करने पर जेल या फांसी होगी, फिर भी कुछ लोग गलत करते हैं और संविधान को तोड़कर सिस्टम से बच निकलने का रास्ता ढूंढते हैं। उन्होंने मांग की कि नीट जैसी परीक्षाओं को और अधिक पारदर्शी और मजबूत तरीके से आयोजित किया जाना चाहिए ताकि देश के होनहार छात्रों का भविष्य सुरक्षित रहे।
धार्मिक भावनाओं के सम्मान और सुबेंदु अधिकारी के मामले पर बेबाक राय
मद्रास हाई कोर्ट द्वारा बकरीद के दौरान गाय की बलि न देने के फैसले और धार्मिक संवेदनशीलता के सवाल पर मंत्री ने बेहद सुलझा हुआ जवाब दिया। उन्होंने कहा, "मैं बौद्ध धर्म से नहीं हूँ, लेकिन जब भी बोधगया जाता हूँ, तो बौद्ध परंपराओं के अनुसार ही मंदिरों में जाता हूँ, वहाँ भोग लगाता हूँ और पूजा-पाठ करता हूँ।" उन्होंने जोर देकर कहा कि हर समुदाय को दूसरे की भावनाओं को समझना चाहिए और समाज में सभी को एक-दूसरे की धार्मिक आस्थाओं का सम्मान करना चाहिए। वहीं, पश्चिम बंगाल के नेता सुबेंदु अधिकारी से जुड़े सवाल पर उन्होंने संक्षिप्त टिप्पणी करते हुए कहा कि मामले की जांच होने के बाद ही वे इस पर कुछ बोल पाएंगे।
क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की तारीफ में पढ़े कसीदे, उज्ज्वल भविष्य की कामना की
बिहार के युवा क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी द्वारा बेहद कम उम्र में इतिहास रचने और बड़ी उपलब्धि हासिल करने पर मंत्री अशोक चौधरी ने खुशी जाहिर की। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि इतनी छोटी उम्र में इतनी अद्भुत दक्षता और परिपक्वता के साथ क्रिकेट खेलना पूरे बिहार के लिए गौरव की बात है। मंत्री ने युवा खिलाड़ी का हौसला बढ़ाते हुए अपनी शुभकामनाएं दीं और कहा कि हमारी कामना है कि वैभव क्रिकेट जगत के अब तक के सारे वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ें और दुनिया भर में बिहार का नाम खूब रोशन करें।
रंजन कुमार की रिपोर्ट