उच्च सदन के सदस्य बने मंत्री दीपक प्रकाश, सभापति अवधेश नारायण सिंह ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ
बिहार सरकार के मंत्री दीपक प्रकाश ने विधान परिषद के नए सदस्य के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण कर ली है। विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने उन्हें शपथ दिलाई.....
Patna : बिहार सरकार के मंत्री दीपक प्रकाश ने विधान परिषद के नए सदस्य के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण कर ली है। विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने अपने कक्ष में आयोजित एक संक्षिप्त व गरिमामय समारोह के दौरान उन्हें शपथ दिलाई।
मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद उच्च सदन के सदस्य बने दीपक प्रकाश
गौरतलब है कि मंत्रिमंडल विस्तार के बाद दीपक प्रकाश को राज्य सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। संवैधानिक नियमों के तहत मंत्री पद पर बने रहने के लिए उनका विधानमंडल के किसी एक सदन का सदस्य होना अनिवार्य था। इसी क्रम में उन्होंने विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) के रूप में शपथ ली है।
सभापति कक्ष में आयोजित हुआ शपथ ग्रहण समारोह
विधान परिषद के सभापति कक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान उच्च सदन के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री, विधान परिषद सदस्य तथा विधानमंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। शपथ ग्रहण प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपस्थित नेताओं व शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
राज्य के विकास और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने का संकल्प
शपथ लेने के बाद मंत्री दीपक प्रकाश ने मुख्यमंत्री और शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे उच्च सदन के गरिमापूर्ण मंच के माध्यम से बिहार के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे।
वरिष्ठ नेताओं और समर्थकों ने दी बधाई
दीपक प्रकाश के एमएलसी पद की शपथ लेते ही समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। विधान परिषद परिसर में उपस्थित कई मंत्रियों और जन प्रतिनिधियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि उनके अनुभव से राज्य के विकास को नई दिशा मिलेगी।
नरोत्तम की रिपोर्ट