Bankipur Bypoll: भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के लिए मंत्री कुमार शैलेंद्र ने झोंकी ताकत, पटना के कई इलाकों में किया जनसंपर्क

Bankipur Bypoll: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के अंतर्गत एनडीए समर्थित प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र ने पटना के कई इलाकों में जनसंपर्क अभियान चलाया।

मंत्री ने चलाया जनसंपर्क अभियान - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर पटना में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। एनडीए समर्थित भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में जनसमर्थन और जनआशीर्वाद जुटाने के लिए शनिवार को बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र ने मोर्चा संभाला। मंत्री ने पटना के प्रमुख व्यावसायिक और आवासीय इलाकों—श्रीराम कुंज (बोरिंग रोड चौराहा) तथा बुद्धा कॉलोनी में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर वोट मांगे।

इस सघन जनसंपर्क अभियान के दौरान मंत्री कुमार शैलेंद्र ने स्थानीय सम्मानित नागरिकों, समाज के वरिष्ठजनों तथा प्रबुद्धजीवियों से आत्मीय संवाद स्थापित किया। उन्होंने केंद्र और राज्य की एनडीए सरकार की विकासोन्मुख नीतियों, सुशासन और जन-जन तक पहुँचने वाली कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। मंत्री ने बांकीपुर के सर्वांगीण विकास के लिए एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में भारी समर्थन और आशीर्वाद देने का आग्रह किया।

संवाद के दौरान मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन और बिहार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सशक्त नेतृत्व में विकास, सुशासन और जनसेवा के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि बांकीपुर की जागरूक और प्रबुद्ध जनता किसी भी तरह के बहकावे में न आकर विकास और स्थिर नेतृत्व के पक्ष में ही अपना मतदान करेगी और एनडीए प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाएगी।

इस अभियान के दौरान बोरिंग रोड और बुद्धा कॉलोनी के इलाकों में सड़क से लेकर सोसायटियों तक समर्थकों की भारी भीड़ देखी गई। स्थानीय नागरिकों द्वारा मंत्री और एनडीए कार्यकर्ताओं का उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। जगह-जगह मिले आत्मीय स्नेह और व्यापक जनसमर्थन को लेकर भाजपा खेमे में खासा उत्साह है। नेताओं का दावा है कि यह जनसैलाब स्पष्ट संकेत है कि बांकीपुर की जनता विकास की निरंतरता को बनाए रखने के लिए पूरी दृढ़ता से एनडीए के साथ खड़ी है। उपचुनाव के मद्देनजर इस इलाके में चलाए गए इस सघन अभियान में भाजपा और एनडीए के कई स्थानीय पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, भारी संख्या में महिला कार्यकर्ता और युवा मोर्चा के सदस्य शामिल रहे, जिन्होंने घर-घर जाकर पर्चे बांटे और मतदाताओं से पोलिंग बूथ पर शत-प्रतिशत मतदान करने की अपील की।

नरोत्तम की रिपोर्ट