Assam CM: दिल्ली के धर्मसंघ महाविद्यालय पहुंचे असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी से की मुलाकात

Assam CM: असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा ने दिल्ली स्थित धर्मसंघ महाविद्यालय में स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी से मुलाकात की। उन्होंने गौशाला में गौ सेवा की और कहा कि सनातन कल भी था, आज भी है और आगे भी रहेगा।

Assam CM

Assam CM: असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा दिल्ली के सिविल लाइंस स्थित 7 शंकराचार्य मार्ग पर स्थित धर्मसंघ महाविद्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने देश के वरिष्ठ संत स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। धर्मसंघ महाविद्यालय पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा ने सबसे पहले स्वामी करपात्री जी महाराज के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने महाविद्यालय परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा का स्वागत किया। इस अवसर पर धार्मिक, सामाजिक और शैक्षणिक विषयों पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा ने स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी के साथ महाविद्यालय परिसर में स्थित गौशाला का दौरा किया। उन्होंने वहां गौ सेवा भी की और गौ संरक्षण से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखी।

सनातन धर्म भारत की संस्कृति और परंपरा का आधार

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन धर्म भारत की संस्कृति और परंपरा का आधार है। उन्होंने कहा, "सनातन कल भी था, आज भी है और आगे भी रहेगा।" उन्होंने भारतीय संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में भारत सरकार के विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गरिटा, उद्योगपति महावीर प्रसाद जयपुरिया, इलाहाबाद हाई कोर्ट के पूर्व न्यायमूर्ति दिलीप गुप्ता, डॉ. बिनोद डोगरा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। धर्मसंघ महाविद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में धार्मिक, सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी भाग लिया। 

धीरज सिंह की रिपोर्ट