Bihar News : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर मंत्री संतोष सुमन ने किया हमला, कहा-युवाओं को गुमराह करने की बंद करें राजनीति

Bihar News : NEET आंदोलन को लेकर छात्रों को सरकारी नौकरी और पेंशन देने के तेजस्वी यादव के वादे पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. सुमन ने इसे युवाओं को भ्रमित करने का एक और चुनावी हथकंडा करार दिया....पढ़िए आगे

तेजस्वी पर निशाना - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि NEET आंदोलन को लेकर तेजस्वी यादव का छात्रों को सरकारी नौकरी और पेंशन देने का वादा युवाओं को भ्रमित करने का एक और चुनावी हथकंडा है। आज जब चुनाव नज़दीक हैं, तब उन्हें छात्रों और युवाओं की चिंता सताने लगी है। 

डॉ. सुमन ने कहा कि तेजस्वी यादव पहले यह स्पष्ट करें कि जब छात्र सड़कों पर अपने भविष्य की लड़ाई लड़ रहे थे, तब वे कहाँ थे? क्या वे आंदोलन के साथ खड़े थे या विदेश यात्रा और राजनीतिक सुविधाओं में व्यस्त थे? आज युवाओं के नाम पर बड़ी-बड़ी घोषणाएँ करना आसान है, लेकिन कठिन समय में उनके साथ खड़ा होना ही असली नेतृत्व की पहचान है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने आंदोलन से जुड़े मामलों में कार्रवाई वापस लेने का निर्णय भी लिया है, इसलिए अब केवल राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है। 

डॉ. सुमन ने कहा कि तेजस्वी यादव को इतिहास भी याद रखना चाहिए। जिस जेपी सेनानी सम्मान पेंशन की तर्ज पर वे नई घोषणाएँ कर रहे हैं, जेपी आंदोलन के सेनानियों को सम्मान और पेंशन देने का काम नीतीश कुमार की सरकार ने किया था, न कि लालू प्रसाद यादव की सरकार ने।

 उन्होंने कहा कि लालू-तेजस्वी की यह "बंटी-बबली की जोड़ी" वर्षों से युवाओं को झूठे सपने दिखाकर गुमराह करने की राजनीति करती रही है। बिहार का युवा अब वादों से नहीं, काम और विश्वसनीयता से नेतृत्व का मूल्यांकन करेगा।