Bihar News : नीतीश सेतु पर पीएम मोदी का पोस्टर फाड़ने पर भड़के मंत्री संतोष सुमन, कहा अराजकता और गुंडागर्दी के इर्द गिर्द घूम रही राजद की राजनीति

Bihar News : बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने नीतीश सेतु के उद्घाटन कार्यक्रम के बाद सामने आए घटनाक्रम पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

राजद पर निशाना - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने नीतीश सेतु के उद्घाटन कार्यक्रम के बाद सामने आए घटनाक्रम पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार में राजद की राजनीति आज भी विकास और सकारात्मक सोच के बजाय अराजकता, गुंडागर्दी और नकारात्मकता के इर्द-गिर्द घूम रही है।

कहा की कल तक जिस ऐतिहासिक नीतीश सेतु की भव्यता और बिहार के विकास में उसकी भूमिका की चर्चा पूरे देश में हो रही थी, आज उसके बाद सामने आए कुछ दृश्य बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर फाड़ते हुए लोगों का वीडियो सामने आना न केवल राजनीतिक असहिष्णुता का परिचायक है, बल्कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं के प्रति उनकी सोच को भी उजागर करता है। राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति का अपमान करना और सार्वजनिक जीवन में इस तरह की अराजकता फैलाना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।

डॉ. सुमन ने कहा कि बिहार ने लंबे संघर्ष के बाद विकास, सुशासन और अपनी नई पहचान की दिशा में कदम बढ़ाया है। नीतीश सेतु जैसी ऐतिहासिक परियोजनाएं बिहार की प्रगति, आधुनिक आधारभूत संरचना और बदलते सामर्थ्य का प्रतीक हैं। ऐसे अवसरों पर राजनीतिक दलों को दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर बिहार की उपलब्धियों का उत्सव मनाना चाहिए, न कि ऐसी हरकतों से प्रदेश की छवि को राष्ट्रीय स्तर पर धूमिल करना चाहिए।

मंत्री संतोष सुमना ने कहा की राजद नेतृत्व को अपने समर्थकों की ऐसी गतिविधियों पर आत्ममंथन करना चाहिए और स्पष्ट संदेश देना चाहिए कि बिहार में हिंसा, गुंडागर्दी और राजनीतिक विद्वेष के लिए कोई जगह नहीं है। बिहार की जनता अब विकास, शांति, सद्भाव और सम्मान चाहती है। जनता सब देख रही है और लोकतांत्रिक तरीके से समय आने पर इसका जवाब भी देगी।