Bihar News : जदयू प्रदेश कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम का हुआ आयोजन, मंत्री श्रवण कुमार और सुनील कुमार ने सुनी आम लोगों की फ़रियाद

Bihar News : जद(यू) प्रदेश कार्यालय में आयोजित नियमित जनसुनवाई कार्यक्रम में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।

जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : जद(यू) प्रदेश कार्यालय, पटना में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार एवं ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित मामलों के विधिसम्मत एवं त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। इस मौके पर विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, जदयू प्रदेश महासचिव अरविन्द कुमार सिंह उर्फ़ छोटू सिंह, डॉक्टर नवीन आर्य छोटू सिंह और लोक प्रकाश सिंह मौजूद रहे।

इस अवसर पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि जद(यू) प्रदेश कार्यालय में सोमवार से शुक्रवार तक आयोजित होने वाला जनसुनवाई कार्यक्रम नीतीश कुमार की जनोन्मुखी सोच का परिणाम है। लोग भरोसे और विश्वास के साथ इस कार्यक्रम में अपनी समस्याएँ लेकर आते हैं तथा शिकायतकर्ताओं की समस्याओं के विधिसम्मत समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को तत्काल दूरभाष के माध्यम से आवश्यक निर्देश भी दिए जाते हैं। 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पंचायत स्तर पर आयोजित किए जा रहे सहयोग शिविरों से आम लोगों को काफी सहूलियत मिली है और अधिकांश समस्याओं का समाधान पंचायत स्तर पर ही हो जा रहा है।

वहीँ मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि सड़कों की बेहतर कनेक्टिविटी आर्थिक विकास का मार्ग प्रशस्त करती है। इसी दृष्टिकोण के साथ राज्य सरकार ग्रामीण सड़कों के रख-रखाव एवं उन्हें और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संभावित बाढ़ की चुनौतियों से निपटने के लिए भी सरकार हर स्तर पर पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने आगे कहा कि जद(यू) प्रदेश मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम हो अथवा राज्य सरकार द्वारा पंचायत स्तर पर लगाए जा रहे सहयोग शिविर, इन सभी का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निवारण सुनिश्चित करना है और यह पहल अपने उद्देश्य की पूर्ति में सफल साबित हो रही है।