कांटी की जनसमस्याओं को लेकर विधानसभा में गरजे विधायक अजीत कुमार, लापरवाह कंस्ट्रक्शन कंपनी पर लगा काम पर रोक
कांटी में रेल अंडरपास निर्माण कार्य में लापरवाही का मुद्दा उठाते हुए अजीत कुमार ने बताया कि निर्माण एजेंसी की मनमानी के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
Bihar Vidhan Sabha : बिहार विधान सभा में शुक्रवार को कांटी विधानसभा क्षेत्र की ज्वलंत जनसमस्याओं को लेकर विधायक सह पूर्व मंत्री अजीत कुमार ने सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने रेल अंडरपास निर्माण, स्वास्थ्य सेवाओं और शैक्षणिक संस्थानों से जुड़ी कई गंभीर समस्याएं सदन में मजबूती से उठाईं।
कांटी में रेल अंडरपास निर्माण कार्य में लापरवाही का मुद्दा उठाते हुए अजीत कुमार ने बताया कि निर्माण एजेंसी की मनमानी के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक की ओर से यह मामला विधानसभा में उठाए जाने के बाद सरकार ने भवेश मिश्रा कंस्ट्रक्शन कंपनी के कार्य पर रोक लगा दी है। विभागीय मंत्री ने सदन में बताया कि अंडरपास निर्माण में गंभीर अनियमितताएं पाई गई हैं और सर्विस रोड पर गड्ढों के कारण आवागमन बाधित हो रहा था, जिस पर कार्रवाई की गई है।
विधायक अजीत कुमार ने कांटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जलजमाव और गंदगी की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया। इस पर सरकार की ओर से बताया गया कि समस्या के समाधान के लिए बिहार चिकित्सा सेवाएं एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड से प्रस्ताव मांगा गया है और जल्द ही सुधार कार्य शुरू किया जाएगा।
इसके अलावा मड़वन प्रखंड के फंदा, मकदुमपुर और बड़कागांव गांवों में जमीन उपलब्ध होने के बावजूद अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और वेलनेस सेंटर का भवन निर्माण नहीं होने का मुद्दा भी विधायक ने उठाया। उन्होंने कहा कि अस्पताल भवन नहीं बनने से इलाके की हजारों की आबादी को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है। इस पर मंत्री ने बताया कि मानक के अनुरूप भूमि उपलब्ध कराने के लिए संबंधित जिलाधिकारी को पत्र भेजा गया है और राशि की उपलब्धता के आधार पर भवन निर्माण को शीघ्र स्वीकृति दी जाएगी।
विधायक अजीत कुमार ने कांटी विधानसभा क्षेत्र में पॉलिटेक्निक कॉलेज खोलने की मांग भी सदन में रखी। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा संस्थान के अभाव में क्षेत्र के युवाओं को बाहर जाना पड़ता है। सरकार ने इस मांग को संज्ञान में लेने का आश्वासन दिया। कुल मिलाकर कांटी की समस्याओं को लेकर विधायक अजीत कुमार की सक्रियता का असर सदन में साफ दिखा और कई मामलों में सरकार को त्वरित कार्रवाई का आश्वासन देना पड़ा।
नरोत्तम की रिपोर्ट