Bihar News: अपराधियों पर विधायक अनिल सिंह का कड़ा प्रहार, बोले- फूल तोड़ने हाथ बढ़ेगा तो हाथ तोड़ देंगे

Bihar News: दबंगई और आपराधिक गतिविधियों को लेकर भाजपा विधायक अनिल सिंह ने कड़ा रुख अख्तियार किया है।

...फूल तोड़ने हाथ बढ़ेगा तो हाथ तोड़ देंगे- फोटो : reporter

Bihar News: नवादा जिले के हिसुआ में रंगबाजी, दबंगई और आपराधिक गतिविधियों को लेकर भाजपा विधायक अनिल सिंह ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। एक श्रद्धांजलि सभा के मंच से विधायक ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों को खुलेआम चेतावनी देते हुए साफ कहा कि हिसुआ की शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उनके तल्ख तेवर और सख्त लहजे ने राजनीतिक गलियारों से लेकर स्थानीय स्तर तक चर्चा छेड़ दी है।

'हिसुआ मेरा बगीचा है, फूल तोड़ने हाथ बढ़ेगा तो हाथ तोड़ देंगे'

जनता को संबोधित करते हुए विधायक अनिल सिंह ने कहा कि हिसुआ उनका बगीचा है और वह इस बगीचे के मालिक हैं। अगर कोई इस बगीचे का फूल तोड़ने की कोशिश करेगा तो उसका हाथ तोड़ दिया जाएगा। उन्होंने डंके की चोट पर यह बात कहते हुए अपराधियों को आगाह किया कि इलाके में रंगबाजी, वसूली और दबंगई का खेल किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।विधायक के इस बयान में इस्तेमाल किए गए सख्त और आक्रामक शब्दों ने सभा में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा। उन्होंने स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की कि कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

जाति-धर्म की आड़ में अपराधियों को नहीं मिलेगा संरक्षण

अनिल सिंह ने कहा कि अपराधी चाहे किसी भी जाति, वर्ग या धर्म से ताल्लुक रखता हो, उसके खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। अपराध करने वालों की कोई जाति नहीं होती और न ही उन्हें किसी राजनीतिक या सामाजिक संरक्षण की आड़ में बचाया जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि न तो सरकार के स्तर पर और न ही जिला प्रशासन की ओर से अपराधियों को संरक्षण देने की कोई गुंजाइश होनी चाहिए। आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

जनता के सहयोग से अपराध और रंगबाजी पर लगेगा अंकुश

विधायक ने अपने संबोधन में जनता से भी सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों ने अपने वोट की ताकत से उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, लेकिन क्षेत्र से अपराध और अव्यवस्था खत्म करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है। अकेले किसी जनप्रतिनिधि के प्रयास से पूरी व्यवस्था नहीं बदल सकती।उन्होंने कहा कि मां-बहनों और नौजवानों का आशीर्वाद और समर्थन मिलता रहा तो वह गलत काम करने वालों के खिलाफ लगातार आवाज उठाते रहेंगे। उनका मकसद हिसुआ में भयमुक्त माहौल कायम करना और आम लोगों को अपराधियों की रंगबाजी से निजात दिलाना है।

खुद को बताया जनता का बेटा, भाई और सेवक

अनिल सिंह ने खुद को हिसुआ की जनता का बेटा, भाई और सेवक बताते हुए कहा कि वह पहले भी लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहे हैं और आगे भी जनता की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा और सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

पुरानी हिंसक घटनाओं के बीच बयान के सियासी मायने

हिसुआ और आसपास के इलाकों में पूर्व में जातीय तनाव और हिंसा की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे संवेदनशील माहौल में विधायक का यह बयान कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासकर फूल तोड़ने और हाथ तोड़ने जैसी तीखी शब्दावली को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में बहस छिड़ सकती है।अब निगाहें जिला प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। सवाल यह है कि विधायक की इस खुली चेतावनी के बाद हिसुआ में रंगबाजी, अवैध वसूली, दबंगई और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस कितनी प्रभावी कार्रवाई करती है।

रिपोर्ट- अमन कुमार