Anant Singh News: मोकामा विधायक अनंत सिंह बनवाएंगे मंदिर, जेल से बाहर आते ही छोटे सरकार का बड़ा ऐलान

Anant Singh News: मोकामा विधायक अनंत सिंह जेल से बाहर आने के बाद आज अपने विधानसभा क्षेत्र पहुंचे हैं। जहां उन्होंने बड़ा ऐलान किया। अनंत सिंह ने कहा कि वो वहां मंदिर बनवाएंगे।

अनंत सिंह बनवाएंगे मंदिर - फोटो : reporter

Anant Singh News: मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह मंगलवार को मोकामा पहुंचे। जेल से रिहाई के बाद अनंत सिंह अपने विधानसभा क्षेत्र मोकामा में भव्य रोड शो करते नजर आए। पटना स्थित आवास से सुबह करीब 9 बजे 100 से अधिक लग्जरी गाड़ियों के काफिले के साथ निकले अनंत सिंह का रास्ते भर समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। अथमलगोला से लेकर बाढ़ तक जगह-जगह सैकड़ों समर्थक फूल-माला लेकर उनका इंतजार करते दिखे। बाढ़ के एसबीआर चौक पर तो समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। समर्थक ‘शेर-ए-बिहार’ के नारे लगाते नजर आए।

अनंत सिंह बनवाएंगे मंदिर 

बाढ़ पहुंचने के बाद अनंत सिंह अपने पैतृक गांव नदावां पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। गांव में आतिशबाजी के बीच उन्होंने अपनी कुलदेवी के स्थान पर पूजा-अर्चना की। इसी दौरान ब्राह्मणी स्थान के पुजारी ने गांव में मंदिर निर्माण की मांग रखी, जिस पर अनंत सिंह ने भरोसा दिलाया कि मंदिर जरूर बनाया जाएगा, सब भगवान का दिया हुआ है। उन्होंने कहा कि वो दोबारा मंगलवार को आएंगे तो मिलकर सब बात कर लेंगे। वहीं पूजा के बाद वे बड़हिया के लिए रवाना हो गए, जहां माता के दर्शन करने की बात उन्होंने खुद कही। 

लोगों की सुनी समस्याएं 

रास्ते भर वे लोगों से मिलते रहे और उनकी समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में अनंत सिंह ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि अब वे खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे। हालांकि उन्होंने संकेत दिया कि उनका बेटा अगर क्षेत्र में सक्रिय रहेगा और लोगों की सेवा करेगा, तो भविष्य में चुनाव लड़ सकता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दिल्ली जाने की चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि, दिल्ली क्या कोई विदेश है? आज के समय में कोई भी दिन में कई बार आ-जा सकता है। जो भी फैसला होगा, वह जनता के हित में होगा।

कार्यकर्ताओं मे दिखा भारी उत्साह 

पत्रकारों ने अनंत सिंह से पूछा कि आपके कार्यकर्ता उत्साहित हैं तो उन्होंने कहा कि खुश तो रहेंगे ही अब सबके लिए काम करेंगे। वहीं, निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने की मांग पर अनंत सिंह ने खुलकर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि निशांत का राजनीति में आना जरूरी था और उन्हें आगे बढ़ना चाहिए। कुल मिलाकर, अनंत सिंह का यह दौरा मोकामा में एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है, जिससे क्षेत्र की सियासत एक बार फिर गर्म हो गई है।

बाढ़ से रविशंकर की रिपोर्ट