Patna Police attack: मोकामा में पुलिस पर हमला, चोर की तलाश में पहुंची खाकी पर टूटा कहर, हमलावरों ने वर्दी फाड़ा, पिस्टल छीनने की कोशिश
Patna Police attack: मोकामा में उस वक्त हालात बेकाबू हो गए जब एक शातिर चोर को दबोचने पहुंची पुलिस टीम पर ही हमला बोल दिया गया।...
Patna Police attack: मोकामा में उस वक्त हालात बेकाबू हो गए जब एक शातिर चोर को दबोचने पहुंची पुलिस टीम पर ही हमला बोल दिया गया। सकरवार टोला में मंगलवार को हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। बेखौफ हमलावरों ने पुलिसकर्मियों के साथ न सिर्फ हाथापाई की, बल्कि उनकी वर्दी तक नोच डाली और हथियार छीनने की कोशिश की।
मामला मोकामा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 15 का है, जहां हिमांशु उर्फ मिक्की नाम का आरोपी लंबे समय से पुलिस के रडार पर था। उस पर चोरी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं और कोर्ट के हुक्म के मुताबिक उसे नियमित रूप से थाने में हाजिरी देनी थी। लेकिन 5 मार्च के बाद से वह ‘कानून से आंख-मिचौली’ खेलते हुए फरार चल रहा था।
इसी सिलसिले में एएसआई सत्यम कुमार अपनी टीम के साथ आरोपी को पकड़ने उसके ठिकाने पर पहुंचे। पुलिस की दस्तक मिलते ही हिमांशु मौके से फरार हो गया, लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे इलाके को दहला दिया। आरोपी के परिजन और समर्थक अचानक ‘हमलावर’ बन गए।
जब पुलिस ने बगल के एक बंद घर का ताला खुलवाने की कोशिश की, तो परिजनों ने न सिर्फ सहयोग से इनकार किया, बल्कि छत पर चढ़कर गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला ‘हंगामे से हिंसा’ में बदल गया। आरोप है कि जितेंद्र शंकर उर्फ विपिन सिंह, आकाश, अंकित और एक नाबालिग ने पुलिस टीम पर धावा बोल दिया।
इस दौरान हमलावरों ने एसआई सत्यम कुमार की गर्दन पकड़ ली, उनकी वर्दी से स्टार और नेम प्लेट तक नोच डाली और जमकर मारपीट की। हद तो तब हो गई जब बदमाशों ने उनकी सर्विस पिस्टल छीनने की भी कोशिश की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हालांकि पुलिस ने हालात पर काबू पाते हुए त्वरित कार्रवाई की और एक नाबालिग समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने बताया कि सभी के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रवि शंकर की रिपोर्ट