Bihar Weather News : सीमांचल और दक्षिण बिहार में मॉनसून पकड़ेगा जोर, पूर्णिया समेत 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, पटना में आंधी-बिजली की चेतावनी

Bihar Weather News : मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश के साथ आंधी-तूफान का दौर देखने को मिलेगा। विभाग ने पूर्णिया समेत चार प्रमुख जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है

बिहार में बारिश - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार में मॉनसून की सुस्ती के बाद एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बुधवार, 22 जुलाई को राज्य के सीमांचल, पूर्वी बिहार और दक्षिण बिहार के जिलों में मॉनसून की गतिविधियां काफी तेज रहेंगी। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश के साथ आंधी-तूफान का दौर देखने को मिलेगा। विभाग ने पूर्णिया समेत चार प्रमुख जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जबकि राजधानी पटना सहित कई अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 22 जुलाई को उत्तर-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के जिलों में गर्जन के साथ वज्रपात (आकाशीय बिजली) गिरने की प्रबल आशंका व्यक्त की गई है। इसके साथ ही इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम के इस तल्ख रुख को देखते हुए विभाग ने आम लोगों और किसानों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों व पेड़ों के नीचे न जाने तथा सतर्कता बरतने की सख्त हिदायत दी है।

मौसम की इस उथल-पुथल का असर राज्य के बड़े हिस्से में देखने को मिलेगा। पटना, गयाजी, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, कटिहार, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, अररिया और किशनगंज जिलों में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। इन जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और कई स्थानों पर मेघगर्जन के साथ बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि कोसी और सीमांचल क्षेत्र के अधिकतर इलाकों में बुधवार को अच्छी वर्षा दर्ज की जाएगी। इसके अलावा पटना, गयाजी, नालंदा और कैमूर समेत दक्षिण बिहार के लगभग सभी जिलों में मध्यम से तेज बारिश के आसार हैं। हालांकि, उत्तर और पूर्वी बिहार के कुछ जिलों में छिटपुट स्थानों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है। पूर्वानुमान में यह भी बताया गया है कि अगले 24 घंटे के बाद मॉनसून की मुख्य गतिविधियां दक्षिण बिहार से स्थानांतरित होकर उत्तर बिहार की ओर शिफ्ट हो जाएंगी।

उल्लेखनीय है कि बीते 24 घंटों के दौरान मॉनसून के थोड़ा कमजोर पड़ने से मंगलवार को अधिकतर जिलों में मूसलाधार बारिश थम गई थी और केवल हल्की बूंदाबांदी ही देखने को मिली। बारिश रुकने और धूप निकलने के कारण सोमवार व मंगलवार को दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी, जिससे लोगों को उमस का सामना करना पड़ा। हालांकि, बुधवार से शुरू हो रहे बारिश के नए दौर से तापमान में दोबारा गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी व उमस से बड़ी राहत मिलेगी।