निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मासिक समीक्षा बैठक का हुआ आयोजन, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों को किया गया सम्मानित

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के महानिदेशक जितेन्द्र सिंह गंगवार की अध्यक्षता में मासिक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों के साथ-साथ घूसखोर कार्यपालक अभियंता की गिरफ्तारी पर टीम को पुरस्कृत किया गया....

उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारी हुए सम्मानित- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना के मुख्यालय में मंगलवार (10 नवंबर 2026) को ब्यूरो के महानिदेशक श्री जितेन्द्र सिंह गंगवार की अध्यक्षता में मासिक समीक्षात्मक बैठक सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस उच्चस्तरीय बैठक में ब्यूरो के कामकाज की समीक्षा करने के साथ-साथ भ्रष्टाचार के खिलाफ उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की पीठ थपथपाई गई और उन्हें सम्मानित किया गया।


तीन पुलिस उपाधीक्षकों को नए पद के अनुरूप बैज लगाकर किया गया अलंकृत

समारोह के दौरान ब्यूरो के तीन पुलिस उपाधीक्षकों—श्री अरुण कुमार सिंह, श्री सुनील कुमार सिंह एवं इंस्पेक्टर जंघागीर अंसारी को उनके नए पद के अनुरूप बैज (Rank) लगाकर सम्मानित किया गया। महानिदेशक ने इस अवसर पर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही, ब्यूरो के सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करते हुए भ्रष्टाचार के विरुद्ध प्रहार को और अधिक तेज करने का कड़ा संदेश दिया।


5 लाख घूस लेते गिरफ्तार पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता के मामले की हुई सराहना

बैठक में विशेष रूप से निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम द्वारा की गई हालिया बड़ी कार्रवाई की सराहना की गई। टीम ने गत 9 नवंबर को निगरानी थाना कांड संख्या 123/26 (दिनांक 06.11.2026) के तहत कार्रवाई करते हुए पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल समस्तीपुर के कार्यपालक अभियंता रितेश चन्द्र सिन्हा को 5,00,000/- (पाँच लाख) रुपये रिश्वत लेते हुए उनके कंकरबाग, पटना स्थित आवास से रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। दीपावली पर्व के शुभ अवसर पर अवकाश के दिन भी ब्यूरो की टीम द्वारा दिखाई गई तत्परता, लगन और उत्कृष्ट कार्यशैली की विशेष रूप से प्रशंसा की गई।


15 पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कुल 52,000/- रुपये नकद पुरस्कार से किया गया पुरस्कृत

सराहनीय अनुसंधान और सफल ट्रैप कार्रवाई को अंजाम देने वाली इस विशेष टीम में शामिल कुल 15 पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कुल 52,000/- (बावन हजार) रुपये नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया। इस दौरान एडीजी, आईजी, डीआईजी, सभी पुलिस अधीक्षक, विधि पदाधिकारी सहित निगरानी ब्यूरो के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे, जिससे महकमे में उत्साह का माहौल देखा गया।


रंजीत की रिपोर्ट