पिता पर पिस्टल तानने वाले कलयुगी बेटे को डायल-112 की टीम ने दबोचा, हथियार और कारतूस बरामद
बांका जिले में बहू के झगड़ा करने से रोकने पर बेटे ने अपने पिता पर पिस्टल तानकर मारने की धमकी दी। हालांकि डायल 112 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया.....
Banka : जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के बड़ी जानकीपुर गांव में पारिवारिक कलह के दौरान एक बेटे द्वारा अपने ही पिता पर देशी कट्टा तानने का मामला सामने आया है। डायल-112 की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को मौके से दबोच लिया और उसके पास से एक देशी कट्टा व एक जिंदा कारतूस बरामद किया। पुलिस की इस मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया। गिरफ्तार आरोपी को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
खाने के दौरान पत्नी से गाली-गलौज कर रहा था आरोपी, समझाने पर पिता से हुआ उलझ
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बड़ी जानकीपुर गांव के यादव टोला निवासी पंचू यादव ने थाने में दिए आवेदन में बताया कि बीते 9 नवंबर की रात करीब आठ बजे वह घर में बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान उनका पुत्र अमित कुमार अपनी पत्नी के साथ बेवजह गाली-गलौज करने लगा। जब पिता पंचू यादव ने बीच-बचाव करते हुए बेटे को समझाने का प्रयास किया, तो वह गुस्से में आकर अपने पिता से ही उलझ पड़ा और बदतमीजी करने लगा।
कमर से कट्टा निकालकर दी गोली मारने की धमकी, मारपीट कर मचाया हुड़दंग
विवाद बढ़ने पर आरोपी अमित कुमार ने अपनी कमर से देशी कट्टा निकाला और सरेआम अपने ही पिता पर तान दिया तथा जान से मारने की धमकी देने लगा। जब पिता ने हिम्मत दिखाते हुए हथियार पकड़ने की कोशिश की, तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट भी की। घर में मचे शोर-शराबे और चीख-पुकार को सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और किसी तरह बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।
डायल-112 की टीम ने त्वरित कार्रवाई कर दबोचा, नशा करने और तोड़फोड़ का भी आरोप
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और बिना देर किए घटनास्थल पर पहुँच गई। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अमित कुमार को एक देशी कट्टा और एक कारतूस के साथ धर दबोचा। पीड़ित पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि उनका बेटा अक्सर नशा करता है, घर में तोड़फोड़ करता है तथा परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी देता रहता है।
बांका पुलिस ने की अपील, आपराधिक गतिविधियों की तुरंत दें सूचना
बांका पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार (24 वर्ष), पिता पंचू यादव के खिलाफ पिता के लिखित आवेदन पर आर्म्स एक्ट और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि समाज में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि या अवैध हथियारों के इस्तेमाल की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।