Bihar Election 2025 : बिहार में ‘मोंथा’ तूफान से गिरा सियासी पारा, अलग अलग नेताओं की रद्द हुई 20 से अधिक रैलियां, मनोज तिवारी ने छाता लेकर किया रोड शो

सियासत पर मोंथा का असर - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात 'मोन्था' का असर बिहार में लगातार दूसरे दिन, शुक्रवार (31 अक्टूबर) को भी दिखाई दे रहा है। पटना, बक्सर, दरभंगा, छपरा, मुजफ्फरपुर, सीवान, बेतिया, जहानाबाद, लखीसराय, मुंगेर, किशनगंज और समस्तीपुर समेत कई जिलों में गुरुवार देर रात से ही बारिश जारी है और आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। बारिश के चलते आज बक्सर में प्राइवेट स्कूलों को बंद कर दिया गया है, जबकि छपरा में सड़कों पर 2 से 3 फीट तक पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित हुआ है।

चुनावी रैलियां रद्द: प्रमुख नेताओं के कार्यक्रम प्रभावित

खराब मौसम के कारण बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार पर बुरा असर पड़ा है। चक्रवात 'मोन्था' के चलते कई प्रमुख नेताओं की चुनावी रैलियां रद्द करनी पड़ी हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की 2, खगड़िया में तेजस्वी यादव की 3 और वहीं पर चिराग पासवान की 2 रैलियां कैंसिल कर दी गई हैं। इसके अलावा, औरंगाबाद और भोजपुर में मांझी, रूडी, रामनाथ ठाकुर की सभाएं, दरभंगा में मनोज तिवारी की सभा और गयाजी में इमरान प्रतापगढ़ी का कार्यक्रम भी रद्द हुआ है। कुल मिलाकर करीब 20 रैलियाँ रद्द कर दी गयी है। 

मौसम विभाग का अलर्ट: भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी

मौसम विभाग ने आज राजधानी पटना समेत 24 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, इस दौरान हवा की रफ्तार 65 Km/h तक रह सकती है। विभाग ने अगले तीन दिन यानी 2 नवंबर तक बारिश और आकाशीय बिजली (वज्रपात) के लिए अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को हुई तेज बारिश के बाद बिहार के अधिकतम तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम ठंडा हो गया है।

नेपाल में बर्फबारी, बिहार में बाढ़ का खतरा

चक्रवात 'मोन्था' का असर पड़ोसी देश नेपाल में भी दिख रहा है, जहां लगातार बारिश और बर्फबारी हो रही है। नेपाली मौसम विभाग ने 26 जिलों में बाढ़ और भूस्खलन का अलर्ट जारी किया है। नेपाल में बारिश की स्थिति को देखते हुए, मौसम विशेषज्ञों ने आशंका जताई है कि बिहार में एक बार फिर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है, खासकर सीमावर्ती क्षेत्रों में।

बारिश के बाद बढ़ेगी ठंड: नवंबर में शीतलहर की दस्तक

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश का यह दौर खत्म होने के बाद पूरे बिहार में मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि कुछ दिनों तक हल्की नमी बनी रह सकती है। नवंबर के पहले सप्ताह से तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी और ठंड बढ़ने लगेगी। हवा की दिशा उत्तर-पश्चिमी होते ही रात के तापमान में तेज़ी से गिरावट दर्ज की जाएगी और राज्य में शीतलहर का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा।