मुकेश सहनी का केंद्र पर बड़ा हमला: बोले-पीएम के सिर्फ अपीलों और नसीहतो से नहीं चलेगा देश

Bihar Politics : बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने केन्द्र सरकार और पीएम मोदी पर बड़ा हमला बोला है। सहनी ने कहा है कि केंद्र सरकार बिना किसी दूरदर्शिता के काम कर रही है और उसका एकमात्र मकसद सिर्फ सत्ता में बने रहने की राजनीति करना है....

Patna : विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने देश की वर्तमान आर्थिक स्थिति, लगातार बढ़ते तेल संकट और केंद्र की नीतियों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। पटना में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि देश आज बेहद गंभीर आर्थिक चुनौतियों और महंगाई का सामना कर रहा है, लेकिन केंद्र सरकार समय रहते सही और कड़े निर्णय लेने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।


युद्ध और तेल संकट पर दूरदर्शिता दिखाने में फेल रही सरकार

मुकेश सहनी ने केंद्र सरकार की रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब 28 फरवरी से ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्ध और वैश्विक संकट की स्थिति शुरू हो गई थी, तभी यह पूरी तरह साफ हो गया था कि आने वाले समय में कच्चे तेल की कीमतों और डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति का देश पर बुरा असर पड़ेगा। लेकिन केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री अपनी चुनावी गतिविधियों और प्रचार प्रसार में व्यस्त रहे, जिसके कारण समय रहते कोई ठोस आर्थिक कदम नहीं उठाया गया।


देर से लिए गए फैसलों और अपीलों पर उठाए गंभीर सवाल

वीआईपी प्रमुख ने प्रधानमंत्री द्वारा देशवासियों से की जा रही हालिया अपीलों पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री देश की जनता से तेल का कम इस्तेमाल करने, विदेश यात्राएं टालने और अपने निजी खर्चों में कटौती करने की नसीहत दे रहे हैं, जबकि ये सुधारात्मक कदम और रणनीतिक तैयारियां बहुत पहले ही की जानी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार बिना किसी दूरदर्शिता के काम कर रही है और उसका एकमात्र मकसद सिर्फ सत्ता में बने रहने की राजनीति करना है।


'प्रचार और छवि निर्माण' में व्यस्त रहने का लगाया आरोप

मुकेश सहनी ने नेतृत्व की जिम्मेदारी की याद दिलाते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री 150 करोड़ की विशाल आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे संकट काल में उन्हें राजनीतिक गंभीरता, जिम्मेदारी और एक मजबूत विजन के साथ देश को आगे ले जाना चाहिए। उन्होंने तीखे लहजे में कहा कि आज देश का आम नागरिक कमरतोड़ महंगाई, बेरोजगारी और वित्तीय संकट से त्राहि-त्राहि कर रहा है, लेकिन सरकार जनता की बुनियादी परेशानियों को दूर करने के बजाय खुद के प्रचार और छवि निर्माण (इमेज बिल्डिंग) में अधिक व्यस्त दिखाई दे रही है।


सिर्फ अपीलों से नहीं चलेगा देश, वीआईपी लड़ेगी हक की लड़ाई

मुकेश सहनी ने चेताया कि देश का युवा और सजग आम जनता अब सरकार के इस रवैये को अच्छी तरह समझ चुकी है और आने वाले समय में वह इस अनदेखी का पाई-पाई का जवाब मांगेगी। उन्होंने कहा कि जनता को तत्काल राहत देने के लिए सरकार को ठोस और गंभीर आर्थिक नीतियां बनानी होंगी, क्योंकि सिर्फ अपीलों और नसीहतों के भरोसे इतना बड़ा देश नहीं चलाया जा सकता। उन्होंने दोहराया कि वीआईपी पार्टी हमेशा की तरह सड़क से सदन तक जनता के हित, गरीबों के अधिकार और सामाजिक न्याय के लिए अपनी लड़ाई मजबूती से जारी रखेगी। 


देवांशु प्रभात की रिपोर्ट