Bihar News: बिहार में लागू हुई नेशनल ओवरसीज स्कॉलरशिप, इन छात्रों को मिलेगा फायदा, मंत्री का बड़ा बयान
Bihar News: बिहार में नेशनल ओवरसीज स्कॉलरशिप योजना लागू कर दी गई है, जिससे राज्य के SC/ST छात्रों को विदेश में पढ़ाई के लिए आर्थिक मदद मिलेगी। साथ ही, बी.आर अंबेडकर जयंती पर सरकारी स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया है।
Bihar News: पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार सरकार के एससी/एसटी मंत्री लखेंद्र पासवान ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि अब राज्य में नेशनल ओवरसीज स्कॉलरशिप योजना लागू कर दी गई है, जिसके तहत अनुसूचित जाति और जनजाति के छात्रों को विदेश में पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता मिलेगी। मंत्री ने कहा कि यह योजना केंद्र सरकार द्वारा संचालित है, जिसमें छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाने पर करीब 20 लाख रुपये तक की मदद दी जाती है। अब तक यह योजना बिहार में लागू नहीं थी, लेकिन अब राज्य के छात्रों को भी इसका लाभ मिलेगा।
अंबेडकर जयंती पर सरकारी कार्यक्रम का ऐलान
मंत्री ने बताया कि 14 अप्रैल को बी.आर अंबेडकर की जयंती के अवसर पर इस बार सरकारी स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 13 अप्रैल को पटना के ज्ञान भवन स्थित बापू सभागार में “अंबेडकर शिक्षा समागम” का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में डिप्टी सीएम समेत राज्य सरकार के कई मंत्री शामिल होंगे। खासतौर पर अंबेडकर छात्रावास में रहने वाले छात्रों को ध्यान में रखते हुए इस आयोजन को शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रखा गया है।
आवासीय विद्यालय की 100% सफलता
मंत्री ने इंटरमीडिएट परीक्षा के परिणामों का जिक्र करते हुए बताया कि गायघाट स्थित बालिका आवासीय विद्यालय ने शानदार प्रदर्शन किया है। यहां 123 छात्राओं ने परीक्षा दी थी और सभी ने प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि जो संस्थान पहले चरवाहा विद्यालय के रूप में जाना जाता था, आज वह शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट परिणाम दे रहा है।
शिक्षा और अवसर पर सरकार का जोर
मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि बाबा साहेब के शिक्षा के सपने को साकार किया जाए। नेशनल ओवरसीज स्कॉलरशिप जैसी योजनाएं इसी दिशा में एक बड़ा कदम हैं, जिससे राज्य के SC/ST छात्रों को वैश्विक स्तर पर पढ़ाई और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट