नौबतपुर सामूहिक दुष्कर्म मामला: फरार आरोपी रविकांत और आकाश के घर पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार

नौबतपुर थाना कांड संख्या 461/26 के फरार आरोपी रविकांत और आकाश के घर पुलिस ने इश्तेहार चिपकाया है। 19 जून को डांस के बहाने दो बहनों से सामूहिक दुष्कर्म के इस मामले में 7 आरोपी जेल में हैं, जबकि मास्टरमाइंड मुन्ना कुमार की रिमांड की तैयारी जारी है।

फरार आरोपी रविकांत और आकाश के घर पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार- फोटो : Reporter

पटना जिला अन्तर्गतनौबतपुर पुलिस ने चर्चित दुष्कर्म कांड संख्या 461/26 के फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों के घरों पर डुगडुगी बजाकर कानूनी इश्तेहार चस्पा कर दिया है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई है ताकि फरार आरोपी जल्द से जल्द आत्मसमर्पण करें। इश्तेहार चिपकने के बाद अब पुलिस आगे कुर्की-जब्ती की कार्रवाई शुरू करेगी।


फरार आरोपियों की पहचान और पुलिस कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने नौबतपुर थाना क्षेत्र के भेलूरा-रामपुर गांव निवासी रविकांत कुमार (पिता- स्वर्गीय लखन यादव) और स्नेही टोला निवासी आकाश कुमार (पिता- पप्पू कुमार) के घरों पर इश्तेहार चिपकाया। पुलिस बल ने ढोल-नगाड़ों के साथ गांव में मुनादी कराई और परिजनों को चेतावनी दी कि यदि आरोपी जल्द कोर्ट में हाजिर नहीं होते हैं तो उनके मकान की कुर्की की जाएगी।

डांस के बहाने बुलाकर किया था सामूहिक दुष्कर्म

घटना 19 जून की है, जब नौबतपुर थाना क्षेत्र के कौरा बाला ठाकुर गांव में दो बहनों को डांस परफॉर्मेंस के बहाने एक कार्यक्रम में बुलाया गया था। आरोप है कि इसके बाद वहां मौजूद युवकों ने उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म की जघन्य वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद से ही क्षेत्र में काफी आक्रोश था और पीड़िता के बयान पर मामला दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी थी।


मामले में सात गिरफ्तार, मास्टरमाइंड की रिमांड की तैयारी

इस पूरे मामले में पुलिस अब तक कार्रवाई करते हुए 07 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत (जेल) भेज चुकी है। वहीं, मामले का मुख्य मास्टरमाइंड अभियुक्त मुन्ना कुमार फिलहाल रामकृष्णानगर थाने से किसी अन्य मामले में जेल में बंद है। नौबतपुर पुलिस मुन्ना कुमार को रिमांड पर लेने की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है, ताकि इस वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा किया जा सके।