'चिराग के भरोसा' अभियान के तहत राहत कार्य जारी, PHED मंत्री संजय सिंह ने बाढ़ पीड़ितों के बीच बांटी सामग्री

बिहार सरकार के PHED मंत्री संजय सिंह ने मंगलवार को बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने महनार प्रखंड की पंचायतों में बाढ़ की जमीनी स्थिति का लिया जायजा और प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया....

'चिराग के भरोसा' अभियान के तहत राहत कार्य जारी, PHED मंत्री
मंत्री संजय सिंह ने बाढ़ पीड़ितों के बीच बांटी राहत सामग्री- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री सह हाजीपुर के स्थानीय सांसद चिराग पासवान के दिशा-निर्देश पर हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों में बड़े पैमाने पर राहत अभियान चलाया जा रहा है। 'चिराग के भरोसा' अभियान के तहत बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) के मंत्री संजय सिंह ने बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया और प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण कर अभियान की शुरुआत की।


महनार प्रखंड की पंचायतों में जमीनी स्थिति का लिया जायजा

पीएचईडी मंत्री संजय सिंह ने महनार प्रखंड क्षेत्र की हसनपुर दक्षिणी पंचायत के वार्ड संख्या 3 और 6 तथा अल्लीपुर हट्टा पंचायत का दौरा कर जलभराव और तबाही का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वस्त किया कि संकट के इस दौर में सरकार और पार्टी संगठन हर स्तर पर उनकी मदद के लिए तत्पर है।


केंद्र और राज्य सरकार मिलकर चला रही हैं बचाव अभियान 

वितरण कार्यक्रम के दौरान मंत्री संजय सिंह ने कहा कि लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान अपने संसदीय क्षेत्र की जनता के सुख-दुख के प्रति पूरी तरह संवेदनशील हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी पीड़ित परिवार सहायता से वंचित न रहे, इसी उद्देश्य से राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बाढ़ प्रभावित इलाकों में युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चला रही हैं।


लोजपा (रामविलास) के प्रमुख नेताओं की रही सक्रिय मौजूदगी 

इस राहत वितरण कार्यक्रम में लोजपा (रामविलास) के कई वरिष्ठ नेताओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता अवधेश कुमार सिंह, युवा प्रदेश महासचिव संतोष शर्मा, महनार प्रखंड अध्यक्ष अमरेश सिंह, जंदाहा प्रखंड अध्यक्ष सुबोध सिंह, शंकर पासवान, सतीश पासवान और रवि पासवान सहित कई स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


स्थिति सामान्य होने तक निरंतर जारी रहेगा राहत अभियान 

लोजपा (रामविलास) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आश्वस्त किया कि जब तक बाढ़ का पानी पूरी तरह उतर नहीं जाता, तब तक राहत कार्य बंद नहीं होंगे। पार्टी की ओर से यह सेवा अभियान निरंतर जारी रहेगा ताकि प्रभावित परिवारों का जनजीवन जल्द से जल्द सामान्य हो सके और उन्हें दैनिक उपयोग की सामग्रियों की कोई कमी न झेलनी पड़े।


नरोत्तम की रिपोर्ट