Bihar Budget Session: 'राबड़ी देवी विद्वान हैं'...नवल किशोर यादव ने कसा तंज, जानिए क्यों कहा लॉ एंड ऑर्डर फेल है.?
Bihar Budget Session: नवल किशोर यादव ने शुक्रवार को राबड़ी देवी पर तंज कसते हुए कहा कि राबड़ी देवी विद्वान हैं...वो पढ़ती लिखती ज्यादा हैं, मीडिया के कनेक्शन में रहती है। पढ़िए आगे
Bihar Budget Session: बिहार विधानमंडल का बजट सत्र जारी है और सदन के भीतर व बाहर विपक्ष का विरोध प्रदर्शन लगातार देखने को मिल रहा है। महिला सुरक्षा और राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष सरकार पर लगातार हमलावर है। गुरुवार को भी विपक्षी सदस्यों ने लॉ एंड ऑर्डर के मुद्दे पर सदन के बाहर प्रदर्शन किया। विपक्ष लगातार आरोप लगा रहे हैं कि बिहार का लॉ एंड ऑर्डर खराब है। इसी बीच आज जदयू एमएलसी नवल किशोर यादव ने विपक्षों पर बड़ा हमला बोला है।
अपराधियों के खिलाफ सरकार की कार्रवाई जारी
नवल किशोर यादव ने क्राइम को लेकर कहा कि, हाल के दिनों में जो भी आपराधिक घटनाएं सामने आई हैं, वे दुर्भाग्यपूर्ण हैं, लेकिन सरकार पूरी तरह सतर्क है और अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार अपराध पर नियंत्रण के लिए सख्त ऑपरेशन चला रही है और कोई भी अपराधी बच नहीं पाएगा। अपराधियों को यह समझ लेना चाहिए कि सरकार उन्हें पाताल से भी खोजकर कानून के दायरे में लाने की क्षमता रखती है।
विद्वान हैं राबड़ी देवी
वहीं जब उनसे पूछा गया कि राबड़ी देवी आरोप लगा रही हैं कि बिहार की नहीं पूरे देश का लॉ एंड ऑर्डर खराब है तो उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि, राबड़ी देवी विद्वान हैं, वो कह सकती है, पूरा लॉ एंड ऑर्डर फेल है, वो पढ़ती लिखती ज्यादा हैं, मीडिया के कनेक्शन में रहती है अखबार और किताबों के कंसल्ट में रहती हैं तो वो बोलेंगी हीं।
शिक्षा को लेकर पूछा जाएगा सवाल
नवल किशोर ने बताया कि आज विधान परिषद में शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर सरकार से सवाल पूछा जाएगा। उनका कहना था कि शिक्षा मंत्री से सदन में सवाल किए जाएंगे और जो भी कमियां शिक्षा व्यवस्था में रह गई हैं, उन्हें दूर करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय होगी और सदन में जवाब देना ही होगा, इससे बचा नहीं जा सकता।
पटना से अभिजीत की रिपोर्ट