एनडीए का प्रशांत किशोर और तेजस्वी यादव पर जोरदार हमला, लगाया कांग्रेस से पैसे लेने और महिलाओं के अपमान का आरोप

बीजेपी और जदयू के नेताओ ने प्रशांत किशोर और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जोरदार हमला बोला है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री व बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने प्रशांत किशोर पर पैसे लेने और महिलाओं का अपमान करने का गंभीर आरोप लगाया है....

एनडीए का पीके और तेजस्वी यादव पर बड़ा हमला- फोटो : वंदना

Patna : राजधानी पटना स्थित बीजेपी कार्यालय में एनडीए के वरिष्ठ नेताओं—बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद, जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार और बीजेपी एमएलसी नवल किशोर यादव ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान नेताओं ने जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। रविशंकर प्रसाद ने प्रशांत किशोर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे कांग्रेस से पैसे लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं और राहुल गांधी की भाषा बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सर्वेयर और सक्रिय राजनीति में बड़ा अंतर होता है, जिसे प्रशांत किशोर को समझना चाहिए।


बांकीपुर में एनडीए की भारी मतों से जीत तयविकास का बिछा है जाल

रविशंकर प्रसाद ने दावा किया कि पूरा एनडीए बांकीपुर चुनाव में पूरी ताकत और प्राथमिकता से लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता का भारी समर्थन एनडीए को मिल रहा है और यहां एनडीए की जीत तय है। बांकीपुर का अपना एक सम्मान रहा है, जहां से 5 बार विधायक रहे नितिन नवीन पार्टी के राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व कर रहे हैं। दरभंगा में प्रशांत किशोर की पार्टी के प्रत्याशी की जमानत जब्त होने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने बांकीपुर क्षेत्र में विकास का पूरा जाल बिछाया है।


तेजस्वी यादव कर रहे हैं पिछड़ा वर्ग की महिला का राजनीतिक अपमान: नीरज कुमार

जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब उनकी पार्टी से एक पिछड़ा वर्ग की महिला चुनाव लड़ रही है, तब वे उनका राजनीतिक अपमान कर रहे हैं। तेजस्वी न तो उनके नामांकन में शामिल हुए और न ही चुनाव प्रचार कर रहे हैं, बल्कि विदेश घूम रहे हैं। नीरज कुमार ने प्रशांत किशोर द्वारा जीविका दीदियों पर उठाए गए सवालों का करारा जवाब देते हुए कहा कि जीविका दीदी हर घर की महिला से जुड़ी हैं और उनका महिलाओं को जागरूक करना कहीं से भी गलत नहीं है।


होटल का बिल बकायाहिम्मत है तो प्रशांत किशोर करें मानहानि का मुकदमा

नीरज कुमार ने प्रशांत किशोर की पार्टी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पास होटल मालिक का पूरा प्रमाण और व्हाट्सएप चैट उपलब्ध है। प्रशांत किशोर की पार्टी के लोग 4 महीनों तक होटल में रुके, लेकिन अब तक उसका भुगतान नहीं किया गया है। नीरज कुमार ने चुनौती देते हुए कहा कि अगर प्रशांत किशोर में हिम्मत है तो वे उन पर मानहानि का केस दर्ज कराएं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशांत किशोर जनता को बरगलाने और जीविका दीदियों को अपमानित करने का काम कर रहे हैं।


बिहार की जनता जालसाजों के भ्रम में आने वाली नहीं: नवल किशोर यादव

बीजेपी एमएलसी नवल किशोर यादव ने तंज कसते हुए कहा कि पटना में दो जालसाज गाल बजा रहे हैं और महिलाओं का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने प्रशांत किशोर को राजनीतिक व्यक्ति न मानकर बिचौलिया बताया जो लोगों से पैसे लेने का काम करता है, वहीं दूसरे पर अपने पिता के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। छात्रों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने संबंधी तेजस्वी यादव के बयान पर नवल किशोर ने कहा कि वे आंदोलन के समय बिल में छिपे थे और अब हेडलाइंस के लिए बयानबाज़ी कर रहे हैं। बिहार की जनता इन बातों का कोई नोटिस नहीं लेने वाली है और बांकीपुर में एनडीए भारी मतों से चुनाव जीतेगी।


वंदना की रिपोर्ट