बांकीपुर में एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने संभाला मोर्चा, आनंदपुरी शक्तिकेंद्र में चलाया सघन प्रचार अभियान

बांकीपुर उपचुनाव में मतदान को लेकर अब कुछ ही दिन बचे है, ऐसे में सभी पार्टियों द्वारा चुनाव प्रचार जोरो पर है। इसी कड़ी में रविवार को बिहार सरकार के मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने एनडीए प्रत्याशी नीरज सिन्हा के समर्थन में सघन प्रचार-प्रसार अभियान चलाया..

बांकीपुर में एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में पथ निर्माण मंत्री
एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने संभाला मोर्चा- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए समर्थित भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार श्री नीरज कुमार सिन्हा की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आनंदपुरी शक्तिकेंद्र में सम्मानित कार्यकर्ताओं के साथ सघन प्रचार-प्रसार अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए बांकीपुर से एनडीए की प्रचंड जीत का आह्वान किया।


बूथ सशक्तीकरण और घर-घर जनसंपर्क अभियान की गहन समीक्षा

सघन प्रचार अभियान के दौरान मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर चुनावी रणनीति, बूथ सशक्तीकरण और घर-घर मतदाता संपर्क अभियान की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे प्रत्येक बूथ पर अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंच बनाकर एनडीए सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों का संदेश पहुंचाएं।


मोदी-सम्राट सरकार के विकास कार्यों पर जनता का अटूट विश्वास: कुमार शैलेन्द्र

मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन तथा बिहार में एनडीए सरकार द्वारा लगातार किए जा रहे अभूतपूर्व विकास कार्यों के प्रति जनता का अटूट विश्वास बना हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि बांकीपुर की जनता विकास और सुशासन के पक्ष में मतदान करेगी।


प्रत्येक बूथ पर अधिकतम जनसंपर्क सुनिश्चित करने का आह्वान

उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि चुनावी समय में कोई भी घर या मतदाता छूटने न पाए। बूथ स्तर पर जनसंपर्क को और अधिक मजबूत बनाकर जनता तक प्रधानमंत्री और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को पहुंचाना ही इस चुनाव में विजय की सबसे बड़ी कुंजी साबित होगी।


एनडीए की ऐतिहासिक विजय का मार्ग प्रशस्त करेगी बांकीपुर की जनता

अंत में मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता का अपार समर्थन और कार्यकर्ताओं का समर्पण ही इस उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने कहा कि एनडीए का मुख्य ध्येय विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है, जिसके आधार पर एनडीए उम्मीदवार भारी मतों से चुनाव जीतेंगे।


नरोत्तम की रिपोर्ट