Bihar Politics: एक सीट के लिए तरसेगा विपक्ष, एनडीए नेताओं का बड़ा दावा, इस दिन से शुरु होगा संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन का चौथे चरण
Bihar Politics: जदयू कार्यालय में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान एनडीए गठबंधन के सभी प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि विपक्ष एक सीट के लिए तरसेगा।
Bihar Politics: बिहार में आज सियासी हलचल तेज है। एक ओर जहां कांग्रेस नेता राहुल गांधी 18 दिन में दूसरी बार बिहार पहुंचे हैं तो वहीं दूसरी ओर जदयू कार्यालय में आज एनडीए की संयुक्त प्रेस कॉन्फेंस की। इस प्रेस कॉन्फेंस में एनडीए गठबंधन के तमाम दलों के प्रदेश अध्यक्ष मौजूद रहे। प्रेस कॉन्फेंस में एनडीए संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन के चौथे चरण की घोषणा की गई। वहीं इस दौरान जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष एक सीट के लिए तरसेगा।
एक सीट के लिए तरसेगा विपक्ष
जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने बताया कि NDA का जिला सम्मेलन कार्यक्रम जारी है। तीसरे चरण की यात्रा कल से किशनगंज से शुरू होगी। यात्रा के दौरान जनता में उत्साह और विश्वास देखा जा रहा है, जो NDA के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष को हर सीट के लिए संघर्ष करना पड़ेगा।
28 फरवरी के पहले पूरा होगा NDA संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि तीसरा चरण किशनगंज और अररिया से शुरू हो रहा है, जबकि चौथे चरण में 10 जिलों में यात्रा होगी। 28 फरवरी से पहले सभी जिलों में NDA का संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन पूरा करने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि उम्मीद से ज्यादा संख्या में लोग NDA के सम्मेलनों में शामिल हो रहे हैं। यात्रा की शुरुआत ठंड में हुई थी, लेकिन अब माहौल गर्म हो चुका है।
विपक्ष को आनी चाहिए शर्म
डॉ. जायसवाल ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सराहना करते हुए कहा कि वे हर जगह मेडिकल कॉलेज खोलवा रहे हैं और बिहार विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। विपक्ष को इस पर टिप्पणी करने से पहले शर्म आनी चाहिए। उन्होंने कैबिनेट बैठक का जिक्र करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री ने एक शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए 1600 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है।
कल से शुरु हो रही तीसरे चरण की यात्रा
लोजपा (रामविलास) प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि तीसरे चरण की यात्रा कल से शुरू होगी, जिसमें पंचायत और बूथ स्तर पर NDA के सभी पांचों दलों के कार्यकर्ता संयुक्त रूप से काम कर रहे हैं। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं के बीच सामंजस्य स्थापित करना था, जिसमें नेतृत्व को सफलता मिली है।
NDA संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन – चौथे चरण की घोषणा-
15 फरवरी: खगड़िया, बेगूसराय
16 फरवरी: जमुई, शेखपुरा
17 फरवरी: नवादा
18 फरवरी: पूर्णिया, कटिहार
19 फरवरी: भागलपुर, नवगछिया
20 फरवरी: बांका
पटना से अभिजीत की रिपोर्ट