Bihar Crime: होली से पहले महुआ माफिया पर पुलिस का धावा, 500 किलो जावा किया तबाह, शराब कारोबारी फरार

Bihar Crime: होली से पहले मुंगेर में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ा शिकंजा कस दिया है।...

Munger Police raid Mahua mafia
होली से पहले महुआ माफिया पर पुलिस का धावा- फोटो : reporter

Bihar Crime: होली की दस्तक से पहले मुंगेर में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ा शिकंजा कस दिया है। रंगों के त्योहार से पहले ‘महुआ माफिया’ पर करारा वार करते हुए टेटिया बंबर थाना पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर करीब 500 किलो फुला महुआ जावा और अर्धनिर्मित देसी शराब को मौके पर ही विनष्ट कर दिया।

गुप्त सूचना पर हरकत में आई पुलिस टीम ने समदा, डंगरा और धपरी गांवों में दबिश दी। जैसे ही खाकी की गाड़ियों की आहट गांवों में गूंजी, शराब बनाने वाले कारीगर और कारोबारी अंधेरे और खेतों का सहारा लेकर मौके से फरार हो गए। हालांकि गिरफ्तारी किसी की नहीं हो सकी, लेकिन जिस पैमाने पर कच्चा माल और तैयार हो रही शराब बरामद हुई, उसने इलाके में चल रहे इस काले कारोबार की पोल खोल दी।

थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार की अगुवाई में चली इस कार्रवाई को पुलिस महकमे की बड़ी सफलता माना जा रहा है। बरामद महुआ जावा को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि दोबारा इस जहरीले धंधे को हवा न मिल सके। पुलिस सूत्रों का कहना है कि होली के मौके पर अवैध शराब की खपत बढ़ने की आशंका रहती है, जिसे देखते हुए यह अभियान और तेज किया गया है।

इलाके में लंबे समय से महुआ शराब का गोरखधंधा जड़ें जमाए हुए था। कच्चे माल से लेकर सप्लाई चैन तक एक पूरा नेटवर्क सक्रिय बताया जा रहा है। पुलिस अब फरार आरोपियों की शिनाख्त में जुटी है और जल्द ही गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

थाना प्रभारी ने साफ लहजे में चेतावनी दी है कि अवैध शराब बनाने और बेचने वालों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी गुजारिश की है कि अगर कहीं भी इस तरह की गैरकानूनी गतिविधि नजर आए तो फौरन पुलिस को इत्तिला दें। होली के जश्न को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए पुलिस का यह अभियान जारी रहेगा। फिलहाल, महुआ माफिया में खलबली है और गांवों में खाकी का खौफ साफ नजर आ रहा है।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान