बिहार विधानसभा में उठा नीट छात्रा हत्याकांड का मामला, कार्यस्थगन प्रस्ताव नामंजूर
पटना में हुए नीट छात्रा हत्याकांड मामले की गूंज मंगलवार को बिहार विधानसभा में भी सुनाई दी। बजट सत्र के दूसरे दिन इस गंभीर मुद्दे पर सदन में कार्यस्थगन प्रस्ताव लाया गया और मामले पर चर्चा कराने की मांग की गई। जहानाबाद से राजद विधायक राहुल शर्मा ने कार्यस्थगन प्रस्ताव पढ़ते हुए कहा कि नीट छात्रा हत्याकांड पर सदन में चर्चा होनी चाहिए। हालांकि विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि यह मामला सरकार की देखरेख में है, इसलिए इस पर चर्चा नहीं कराई जाएगी।
वहीं, भाकपा माले की ओर से भी कार्यस्थगन प्रस्ताव लाया गया। भाकपा माले विधायक अरुण सिंह ने प्रस्ताव पढ़ते हुए बिहार में बढ़ते अपराध और नीट छात्रा से रेप व संदिग्ध मौत के मामले को उठाया। उन्होंने इस मुद्दे पर सदन में बहस की मांग की, लेकिन अध्यक्ष ने इसे भी नामंजूर कर दिया।
विधान परिषद के सदस्यों का प्रदर्शन
इस मुद्दे पर विधान परिषद के सदस्यों ने भी अपनी आवाज बुलंद की. परिषद की कार्यवाही शुरू होने के पहले विपक्षी सदस्यों ने प्रदर्शन किया. उन्होंने हाथों ले तख्ती लेकर अपना विरोध जताया जिसमें 'शंभू हॉस्टल और परफेक्ट पीजी हॉस्टल में नीट छात्राओं की सीबीआई जांच सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में समयबद्ध कराया जाए' लिखकर प्रदर्शन किया गया.