Patna Metro: 'अगला स्टेशन खेमनीचक है'... पटना मेट्रो का बढ़ा दायरा, इस दिन से नए रुट पर शुरु होगा सफर
Patna Metro: पटना मेट्रो का दायरा बढ़ेगा। अब मेट्रो का परिचालन खेमनीचक तक किया जाएगा। इस सेक्शन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और अब कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) की टीम द्वारा निरीक्षण किया जाएगा।
Patna Metro: पटना मेट्रो से सफर करने वालों के लिए राहत भरी खबर है। लोग जल्द ही भूतनाथ स्टेशन से खेमनीचक स्टेशन के बीच 2.75 किलोमीटर का सफर कर सकेंगे। इस सेक्शन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और अब कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) की टीम द्वारा निरीक्षण किया जाएगा। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद मेट्रो परिचालन की आधिकारिक तारीख घोषित की जाएगी।
खेमनीचक तक होगा परिचलन
सोमवार को विधानमंडल में पेश आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार, पटना मेट्रो के पहले चरण में पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से मलाही पकड़ी तक कुल 6.20 किलोमीटर में मेट्रो परिचालन शुरू किया जाना है। इसमें से पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से भूतनाथ स्टेशन तक 3.45 किलोमीटर का हिस्सा पहले ही 6 अक्टूबर 2025 को चालू किया जा चुका है। शेष 2.75 किलोमीटर का हिस्सा भूतनाथ से खेमनीचक के बीच जल्द शुरू होने वाला है। इस सेक्शन के चालू होते ही आम यात्रियों को पाटलिपुत्र बस टर्मिनल, जीरो माइल, भूतनाथ, खेमनीचक और मलाही पकड़ी स्टेशनों पर उतरने-चढ़ने की सुविधा मिलने लगेगी।
तीसरे चरण में शुरू होगा मीठापुर स्टेशन
पटना मेट्रो के तीसरे चरण में खेमनीचक से जगनपुरा, रामकृष्णा नगर और मीठापुर स्टेशन को चालू किया जाएगा। इन स्टेशनों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल तीन स्थानों पर सुपर स्ट्रक्चर का काम बाकी है। इसके पूरा होते ही ट्रैक बिछाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
अंडरग्राउंड सेक्शन का हाल
मलाही पकड़ी से राजेंद्र नगर होते हुए मोइनुल हक स्टेडियम तक अंडरग्राउंड निर्माण के लिए एनओसी मांगी गई है। मोइनुल हक स्टेडियम से पटना विश्वविद्यालय और पीएमसीएच तक अंडरग्राउंड निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वहीं पीएमसीएच से गांधी मैदान, आकाशवाणी और पटना जंक्शन तक अंडरग्राउंड सेक्शन का निर्माण कार्य जारी है।
पटना जंक्शन स्टेशन बनेगा बड़ा इंटरचेंज
पटना जंक्शन के पास बनने वाले अंडरग्राउंड स्टेशन के निर्माण में अभी समय लगेगा। इसकी वजह यह है कि यह एक बड़ा इंटरचेंज स्टेशन होगा, जहां से मेट्रो की तीन अलग-अलग लाइनें निकलेंगी। पहली लाइन उत्तर की ओर आकाशवाणी स्टेशन को जोड़ेगी, दूसरी लाइन उत्तर-पश्चिम दिशा में विद्युत भवन तक जाएगी, जबकि तीसरी लाइन दक्षिण की ओर रेलवे लाइन पार करते हुए करबिगहिया के रास्ते मीठापुर एलिवेटेड स्टेशन से जुड़ेगी। इस स्टेशन पर यात्रियों को तीनों लाइनों के बीच ट्रेन बदलने की सुविधा मिलेगी।