Bihar Summer Special Train:भीड़ पर राहत की ट्रेन, गर्मी की छुट्टियों में पटना होकर चलेगी नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल,बिहार के यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा

Bihar Summer Special Train: नई दिल्ली और हावड़ा के बीच गर्मी की छुट्टियों में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। इससे बिहार के लोगों को फायदा होगा...

बिहार के लिए दो स्पेशल ट्रेन- फोटो : social Media

Bihar Summer Special Train: नई दिल्ली और हावड़ा के बीच गर्मी की छुट्टियों में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। इस रूट पर दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, जो बिहार के प्रमुख रेल मार्गों से होकर गुजरेंगी। इससे बिहार के यात्रियों को दिल्ली और कोलकाता जाने में काफी राहत मिलेगी। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी  ने जानकारी दी कि गर्मी के मौसम में लंबी दूरी की ट्रेनों में भारी भीड़ को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है।

पहली ट्रेन गाड़ी संख्या 04048 नई दिल्ली–हावड़ा स्पेशल 28 मई को शाम 6:15 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह डीडीयू, बक्सर, आरा होते हुए दोपहर 1:25 बजे पटना पहुंचेगी। आगे यह बख्तियारपुर, किऊल, झाझा सहित विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए रात 11:40 बजे हावड़ा पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 04047 हावड़ा–नई दिल्ली स्पेशल 30 मई को रात 1:40 बजे हावड़ा से खुलेगी और अगले दिन सुबह 8:20 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन भी पटना समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए यात्रियों को सुविधा देगी।

इसके अलावा दूसरी जोड़ी ट्रेन गाड़ी संख्या 04050 नई दिल्ली–हावड़ा स्पेशल 30 मई को शाम 6:15 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी। यह भी उसी रूट से होकर अगले दिन रात 11:40 बजे हावड़ा पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04049 हावड़ा–नई दिल्ली स्पेशल 1 जून को रात 1:40 बजे हावड़ा से चलकर अगले दिन सुबह नई दिल्ली पहुंचेगी।

इन ट्रेनों का प्रमुख ठहराव वाराणसी क्षेत्र के डीडीयू, बक्सर, आरा, पटना, बख्तियारपुर, किऊल और झाझा जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर होगा, जिससे बिहार और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार गर्मी की छुट्टियों में दिल्ली, कोलकाता और बिहार के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है, जिससे नियमित ट्रेनों में भारी भीड़ हो जाती है। इसी स्थिति को संभालने के लिए यह स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इस कदम से न केवल यात्रियों को सीट उपलब्धता में राहत मिलेगी, बल्कि त्योहार और छुट्टियों के दौरान होने वाली भीड़-भाड़ भी कुछ हद तक नियंत्रित की जा सकेगी।