Bihar Politics: नीतीश के सीएम पद से इस्तीफा देने की तारीख तय, इस दिन बनेगी भाजपा सरकार! स्पीकर पर बड़ा फैसला

Bihar Politics: 20 सालों तक बिहार के सीएम बने रहने के बाद अब सीएम नीतीश नए राजनीतिक सफर पर आगे बढ़ गए हैं। सीएम नीतीश जल्द ही सीएम पद से इस्तीफा देंगे। जिसके बाद बिहार में भाजपा की सरकार बनने की संभावना है। स्पीकर को लेकर भी बदलाव किया जा सकता है।

सीएम नीतीश की विदाई तय - फोटो : News4nation

Bihar Politics: बिहार की राजनीति में बदलाव की बयार बह रही हैं। नई सरकार के गठन को लेकर तैयारी तेज है। राज्यसभा चुनाव संपन्न हो चुका है। एनडीए ने पांचों सीट पर क्लीन स्वीप कर लिया है। जिसके बाद से ही सीएम नीतीश के बिहार से विदाई की तारीख भी तय हो चुकी है। सीएम नीतीश ने अपना अधूरा सपना पूरा कर लिया है और अब वो चारों सदनों के सदस्य बनने वाले नेताओं में शामिल हो चुके हैं। जल्द ही सीएम नीतीश अब दिल्ली की राजनीति में सक्रिय होंगे।   

9 अप्रैल के बाद लेंगे राज्यसभा सदस्य के रुप में शपथ 

सूत्रों के मुताबिक, 10 अप्रैल से पहले उनके मुख्यमंत्री पद छोड़ने की संभावना कम है। राज्यसभा सदस्य के रूप में उनका शपथ ग्रहण 9 अप्रैल के बाद होना है, जिसके लिए उन्हें पहले विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा देना होगा। जानकारी के अनुसार, नीतीश कुमार अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ पूरी करने के बाद ही कोई बड़ा राजनीतिक फैसला ले सकते हैं। यात्रा का चौथा चरण 20 मार्च तक भागलपुर, बांका, जमुई, नवादा, मुंगेर, लखीसराय, गया और औरंगाबाद जिलों में प्रस्तावित है। 

सीएम नीतीश कब देंगे इस्तीफा

इसके बाद पांचवें चरण में नालंदा, पटना, भोजपुर, रोहतास, जहानाबाद, अरवल, कैमूर और बक्सर का दौरा हो सकता है, जो 30 मार्च तक पूरा होने की संभावना है। ऐसे में माना जा रहा है कि 30 मार्च से पहले उनके सीएम पद छोड़ने की संभावना नहीं है। यानी फिलहाल मार्च तक बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बने रहेंगे। अप्रैल में बिहार को 20 सालों के बाद मुख्यमंत्री के रुप में नया चेहरा मिलेगा। हालांकि फिलहाल निश्चित दिन तय नहीं हुआ है।  

14 अप्रैल के बाद बन सकती है नई सरकार

फिलहाल खरमास चल रहा है, जो 14 अप्रैल को समाप्त होगा। परंपरागत रूप से इस अवधि में नए कार्यों की शुरुआत नहीं होती। ऐसे में 14 अप्रैल के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो सकती है। सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद भाजपा के नेतृत्व में नई सरकार बन सकती है, हालांकि अभी तक किसी पार्टी की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

कैबिनेट में भी होगा बदलाव, कई नए चेहरे बनेंगे मंत्री

अगर भाजपा का मुख्यमंत्री बनता है, तो मंत्रिमंडल में भाजपा और जदयू के बीच विभागों और मंत्रियों की संख्या में बदलाव संभव है। बताया जा रहा है कि भाजपा कोटे से मंत्रियों की संख्या करीब 13 और जदयू से 15 हो सकती है। साथ ही एलजेपी (आर) और अन्य सहयोगी दलों को भी प्रतिनिधित्व मिल सकता है। उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा और सम्राट चौधरी की भूमिकाओं में भी बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।

स्पीकर पद में भी बदलाव संभव

वर्तमान में विधानसभा स्पीकर का पद भाजपा के पास है, लेकिन सत्ता संतुलन बदलने की स्थिति में यह पद जदयू को मिल सकता है। इससे पहले भी जदयू के नेता इस पद पर रह चुके हैं। फिलहाल बीजेपी के प्रेम कुमार विधानसभा अध्यक्ष हैं माना जा रहा है कि उन्हें भी बदला जा सकता है। 

निशांत कुमार को मिलेगी अहम जिम्मेदारी 

राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी है कि जदयू, नीतीश कुमार के दिल्ली जाने के बाद उनके पुत्र निशांत कुमार को राज्य की राजनीति में बड़ी जिम्मेदारी दिलाने की कोशिश कर सकती है। पार्टी के भीतर उन्हें मुख्यमंत्री या उपमुख्यमंत्री पद के लिए आगे बढ़ाने की मांग भी उठ रही है। फिलहाल, सभी नजरें नीतीश कुमार के अगले कदम पर टिकी हैं, जो बिहार की सियासत की दिशा तय करेगा।