Bihar News : मोबाइल चोरी के शक में होमगार्ड जवान ने बरपाया कहर, आठवीं के छात्र और उसकी बहन को बेरहमी से पीटा

Bihar News : मोबाइल चोरी के शक में होमगार्ड जवान ने बरपाया क

BETTIAH : पश्चिम चंपारण के जिला मुख्यालय बेतिया में एक होमगार्ड जवान की दबंगई और संवेदनहीनता का रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ ड्यूटी पर तैनात एक जवान ने मोबाइल चोरी के महज शक में आठवीं कक्षा के एक छात्र और उसे बचाने आई उसकी बहन की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस घटना के बाद आरोपी जवान मौके से फरार हो गया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

इंसानियत शर्मसार: फोन लौटाने की कोशिश पड़ी भारी

घटना के संबंध में बताया जाता है कि बसवरिया निवासी 12 वर्षीय छात्र अयूब अंसारी अपने साथियों के साथ आठवीं की परीक्षा देने केंद्र की ओर जा रहा था। रास्ते में उसे एक गिरा हुआ मोबाइल फोन मिला। मासूम छात्र ने ईमानदारी दिखाते हुए फोन उठाया और उसे साफ करने लगा ताकि उसके असली मालिक का पता लगाकर उसे सौंपा जा सके। इसी बीच वहाँ तैनात होमगार्ड जवान नागेंद्र प्रसाद यादव ने आव देखा न ताव, छात्र को 'चोर' समझकर उस पर लाठियाँ बरसानी शुरू कर दीं।

भाई को बचाने आई बहन पर भी बरपाया कहर

अपने छोटे भाई को बेरहमी से पिटता देख उसकी बहन हुसैन परवीन उसे बचाने के लिए आगे बढ़ी। लेकिन खाकी के नशे में चूर जवान ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दीं और छात्रा के साथ भी मारपीट की। इस बर्बरता में भाई-बहन दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने दोनों को जीएमसीएच बेतिया के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया, जहाँ फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

परीक्षा छूटी, आक्रोश में स्थानीय लोग

इस अमानवीय घटना का असर शिक्षा पर भी पड़ा। मारपीट और हंगामे के कारण केंद्र पर जा रही कई अन्य छात्राओं की परीक्षा भी छूट गई, जिससे अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों के भारी विरोध और हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ, लेकिन जवान की इस करतूत ने पुलिस की छवि पर गहरा दाग लगा दिया है। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस ने अस्पताल पहुँचकर पीड़ित बच्चों का बयान दर्ज किया है।

फरार जवान की तलाश में जुटी पुलिस

बेतिया नगर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी होमगार्ड जवान नागेंद्र प्रसाद यादव फिलहाल ड्यूटी से नदारद और फरार है। पुलिस ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया है कि कानून को हाथ में लेने वाले दोषी जवान को जल्द ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बेतिया से आशीष की रिपोर्ट