Bihar LPG Cylinder Booking New Rule: सावधान! गैस सिलेंडर के लिए सरकार ने जारी किया नया नियम, जरूरी हुआ Aadhaar e-KYC, जानिए स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस

Bihar LPG Cylinder Booking New Rule: ईरान-इजराइल के बीच बढ़ते तनाव और वैश्विक अस्थिरता का असर अब आम लोगों की रसोई तक पहुंच चुका है। इस बढ़ती महंगाई की मार के बीच सरकार ने एक और बड़ा फैसला लिया है। ..

गैस सिलेंडर के लिए सरकार ने जारी किया नया नियम- फोटो : X

Bihar LPG Cylinder Booking New Rule:  ईरान-इजराइल के बीच बढ़ते तनाव और वैश्विक अस्थिरता का असर अब आम लोगों की रसोई तक पहुंच चुका है। अंतरराष्ट्रीय हालात के चलते देशभर में LPG सिलेंडर की कीमतों में जोरदार उछाल आया है। सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर पर ₹60 और कमर्शियल सिलेंडर पर ₹144 की बढ़ोतरी कर दी है, जिससे आम आदमी की जेब पर सीधा वार पड़ा है। बिहार समेत कई राज्यों में गैस की किल्लत की खबरें भी सामने आ रही हैं, जिससे हालात और संगीन होते दिख रहे हैं।

अब सभी LPG उपभोक्ताओं के लिए Aadhaar e-KYC अनिवार्य कर दिया गया है। यानी अगर आपने अपनी पहचान की डिजिटल तस्दीक नहीं कराई, तो गैस कनेक्शन पर संकट के बादल मंडरा सकते हैं।

सरकार का कहना है कि इस कदम का मकसद फर्जी कनेक्शनों पर शिकंजा कसना और यह सुनिश्चित करना है कि सब्सिडी का फायदा सही हकदार तक पहुंचे। लेकिन आम उपभोक्ताओं के लिए यह नियम अब ‘जरूरी दस्तावेजी कवायद’ बन गया है। अगर e-KYC पूरी नहीं की गई, तो गैस बुकिंग में दिक्कत, डिलीवरी में देरी और बैंक खाते में सब्सिडी अटकने जैसी परेशानियां सामने आ सकती हैं।

हालांकि राहत की बात यह है कि इस प्रक्रिया को बेहद आसान बना दिया गया है। अब उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। वे घर बैठे मोबाइल से ही e-KYC पूरी कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित गैस कंपनी का ऐप डाउनलोड कर कंज्यूमर नंबर से लॉगिन करना होगा और ‘e-KYC’ या ‘Aadhaar Authentication’ विकल्प चुनना होगा।

इस दौरान Aadhaar FaceRD के जरिए फेस स्कैन या बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन किया जाता है। प्रक्रिया के लिए आधार कार्ड, LPG कंज्यूमर नंबर, मोबाइल नंबर और बैंक खाते की जानकारी तैयार रखना जरूरी है।

विशेषज्ञों के मुताबिक प्रशासनिक नजरिए से यह फैसला बेहद अहम है, क्योंकि इससे फर्जीवाड़े पर लगाम लगेगी और सरकारी खजाने की बचत होगी। साथ ही वितरण प्रणाली में पारदर्शिता आएगी, जिससे आम जनता को बेहतर और सुरक्षित सेवाएं मिल सकेंगी।

कुल मिलाकर, एक तरफ जहां महंगाई की आग रसोई को झुलसा रही है, वहीं e-KYC का ‘नया नियम’ उपभोक्ताओं के लिए अनिवार्य कवच बनकर सामने आया है—जिसे नजरअंदाज करना अब भारी पड़ सकता है।