मिशन मोड में बनेंगे नए राशन कार्ड: पटना DM कुंदन कुमार का निर्देश, 5 अगस्त तक 1.20 लाख परिवारों को मिलेगा लाभ

पटना जिले में खाद्य सुरक्षा योजना से वंचित गरीब व जरूरतमंद परिवारों के लिए एक राहत भरी खबर है। जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने जिले में 5 अगस्त तक 1 लाख 20 हजार नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है...

पटना में मिशन मोड में बनेंगे नए राशन कार्ड- फोटो : अनिल कुमार

Patna : जिले में खाद्य सुरक्षा योजना से वंचित गरीब व जरूरतमंद परिवारों के लिए एक राहत भरी खबर है। जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार ने जिले में 5 अगस्त तक 1 लाख 20 हजार नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को माइक्रो लेवल प्लानिंग कर पूरी प्रक्रिया को 'मिशन मोड' में पूरा करने का सख्त निर्देश दिया है, ताकि कोई भी पात्र परिवार इस योजना से छूट न पाए।


शिविरों के साथ घर-घर जाकर लिए जाएंगे आवेदन

जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने स्पष्ट किया है कि केवल प्रखंड कार्यालयों के भरोसे न रहकर पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएं। इसके साथ ही पंचायत सचिव, टोला सेवक और विकास मित्रों को अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर भ्रमण करने का निर्देश दिया गया है। ये कर्मी पात्र लेकिन छूटे हुए गृहस्थों की पहचान करेंगे और उनसे सीधे आवेदन प्राप्त करेंगे।


राशन कार्ड के लिए आवश्यक दस्तावेज

नया राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदकों को निम्नलिखित कागजात और जानकारी जमा करनी होगी:

  • आधार कार्ड
  • परिवार का सामूहिक फोटो
  • आवासीय प्रमाण-पत्र
  • आय प्रमाण-पत्र
  • जाति प्रमाण-पत्र
  • बैंक पासबुक की छायाप्रति
  • मोबाइल नंबर


24 घंटे के अंदर बनेंगे वांछित प्रमाण-पत्र

यदि किसी योग्य आवेदक के पास आवासीय, आय या जाति प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं है, तो पंचायत स्तर के कर्मी उनका तुरंत ऑनलाइन आवेदन करवाएंगे। डीएम ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO) और अंचलाधिकारियों (CO) को कड़ा निर्देश दिया है कि ऐसे आवेदनों की प्रक्रिया 24 घंटे के भीतर पूरी कर तुरंत प्रमाण-पत्र निर्गत करें, ताकि राशन कार्ड बनने में कोई रुकावट न आए।


स्मार्ट EPDS पोर्टल पर ऑनलाइन होंगे ऑफलाइन आवेदन

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों (BSO) को प्राप्त सभी ऑफलाइन आवेदनों को त्वरित गति से स्मार्ट ई.पी.डी.एस. (Smart EPDS) पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड करने का जिम्मा सौंपा गया है। पूरी प्रक्रिया की निगरानी (Monitoring) की जिम्मेदारी संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों (SDO) को दी गई है।


जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर चलाया जाएगा जागरूकता अभियान

अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए SDO, BDO और BSO को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों (मुखिया, वार्ड पार्षद आदि) के साथ बैठक करें। जनप्रतिनिधियों के सहयोग से इस महत्वाकांक्षी योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा ताकि अंतिम व्यक्ति तक इसकी जानकारी पहुंचे और अधिक से अधिक पात्र लोगों के राशन कार्ड बनाए जा सकें।

अनिल की रिपोर्ट