Bihar News : बिहार में बिजली आपूर्ति का बना नया रिकॉर्ड, पहली बार मांग पहुंचा 9,000 मेगावाट के पार, ऊर्जा मंत्री ने बताया आर्थिक विकास का संकेत

Bihar News : बिहार ने ऊर्जा के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए बिजली की अब तक की सबसे 'पीक डिमांड' को सफलतापूर्वक पूरा करने का गौरव हासिल किया है..........पढ़िए आगे

बिजली आपूर्ती का नया रिकॉर्ड - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार ने विद्युत क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए 24 जून 2026 को रात्रि 10:56 बजे 9,068 मेगावाट की अब तक की सर्वाधिक विद्युत मांग दर्ज की गई है। राज्य की इस रिकॉर्ड मांग को बिहार विद्युत क्षेत्र की सभी इकाइयों द्वारा सफलतापूर्वक पूरा किया गया। उल्लेखनीय है कि रिकॉर्ड स्तर की मांग के बावजूद राज्यभर में उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की गई। यह उपलब्धि ऊर्जा विभाग, बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड  तथा इसकी सहयोगी कंपनियों द्वारा विद्युत उत्पादन, ट्रांसमिशन एवं वितरण अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने के लिए किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम है।

इस अवसर पर बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने कहा कि बिहार में बिजली की रिकॉर्ड मांग का सफलतापूर्वक पूरा किया जाना राज्य के ऊर्जा क्षेत्र की मजबूती और बढ़ती क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि बिहार में बढ़ती बिजली खपत राज्य के आर्थिक विकास, औद्योगिक विस्तार, शहरीकरण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर जीवन स्तर का स्पष्ट संकेत है। हमारी प्राथमिकता है कि प्रत्येक उपभोक्ता को चौबीसों घंटे गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली उपलब्ध हो। रिकॉर्ड मांग के बावजूद निर्बाध आपूर्ति बनाए रखना हमारी व्यवस्था की दक्षता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भविष्य की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नवीकरणीय ऊर्जा के विकास पर विशेष बल दे रही है। आने वाले वर्षों में भी बिहार की बढ़ती विद्युत मांग को पूरा करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

ऊर्जा सचिव सह अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड अजय यादव (भा.प्र.से.) ने कहा कि 9,068 मेगावाट की रिकॉर्ड विद्युत मांग की सफल आपूर्ति बिहार विद्युत क्षेत्र की तकनीकी दक्षता, मजबूत अवसंरचना और बेहतर प्रबंधन का परिणाम है। यह उपलब्धि राज्य की ट्रांसमिशन एवं वितरण प्रणाली की बढ़ी हुई क्षमता को भी दर्शाती है।